पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करना, प्रदेश की समृद्ध खेल विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में पंजाब सरकार के सराहनीय प्रयासों का प्रमाण : मीत हेयर
कहा,राज्य के खेल बजट में 13 गुना वृद्धि पंजाब को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी प्रदेश बनाने में सहायक साबित होगी
जालंधर ब्रीज: संसद सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने आज कहा कि प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर पंजाब प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत की आजादी के बाद यह पहली बार है जब प्रदेश को किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला है।

जालंधर के बरलटन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम के निरीक्षण संबंधी दौरे के दौरान संसद सदस्य और पूर्व खेल मंत्री मीत हेयर ने कहा कि यह उपलब्धि पंजाब सरकार के प्रदेश को भारत का अग्रणी खेल केंद्र बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों विभाग के सलाहकार दीपक बाली सहित मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने खेल बजट में 13 गुना वृद्धि की है, इसे पहले के 147 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1791 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभूतपूर्व वित्तीय प्रोत्साहन ने जमीनी स्तर के बुनियादी ढांचे में क्रांति ला दी है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 3100 आधुनिक स्टेडियमों के विकास को बढ़ावा मिला है और कभी खाली पड़े मैदानों को ऐसे सक्रिय केंद्रों में बदल दिया गया है, जहां हर रोज सैकड़ों युवा प्रशिक्षण लेते है।

इसके अलावा संसद सदस्य ने मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान की अगुवाई में शुरू की गई पारदर्शी और खिलाड़ी-केंद्रित पुरस्कार नीति की भी सराहना की, जो पदक जीतने के एक महीने के अंदर तुरंत नकद पुरस्कार और 100 प्रतिशत नौकरी की सुरक्षा की गारंटी देती है, जिससे कई सालों से चली आ रही लालफीताशाही का अंत हुआ है।
27 अक्तूबर से 5 नवंबर 2026 तक होने वाली आगामी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान दुनिया की 6 बेहतरीन टीमों भारत, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बांग्लादेश के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
पुख्ता सुरक्षा और विश्व-स्तरीय व्यवस्थाओं का भरोसा देते हुए मीत हेयर ने सभी पंजाबियों से जोरदार अपील की कि वे बड़ी संख्या में खेल स्थलों पर पहुंचें, खेल मुकाबलों का आनंद लें, अपने पसंदीदा अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं और विश्व खेल नक्शे पर पंजाब की शानदार वापसी का जश्न मनाएं।

More Stories
कर्नल सी. के. नायडू ट्रॉफी एलीट: पंजाब अंडर-23 ने दिल्ली को पारी और 76 रन से हराया
नशा विरोधी कार्यकर्ता के पिता से मिले प्रताप सिंह बाजवा; पंजाब के युवाओं को बचाने में विफल रहने पर आप और भाजपा को घेरा
रणजी ट्रॉफी: पंजाब ने छत्तीसगढ़ को हराकर दर्ज की शानदार जीत, 6 अंक किए अपने नाम