भाजपा का संकल्प, पंजाब को नशामुक्त, सुरक्षित और खुशहाल बनाना: एन.के. वर्मा
जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर पहुंचने पर कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों की भीड़ जुटी। 18 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद जालंधर पहुंची।

समापन समारोह में शामिल होने के लिए नयागांव, खरड़ विधानसभा क्षेत्र सहित पंजाब के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जालंधर पहुंचे। नयागांव निवासी एवं भाजपा नेता एडवोकेट एन.के. वर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि रास्ते में यातायात व्यवस्था के कारण कुछ बसों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया, जिससे लोगों को पहुंचने में समय लगा, लेकिन कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।
समारोह के दौरान एडवोकेट एन.के. वर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात की। वर्मा के अनुसार, अमित शाह से यह उनकी तीसरी व्यक्तिगत मुलाकात थी। उन्होंने कहा कि अमित शाह का अनुशासन, कार्य करने की शैली और कार्यकर्ताओं से सहजता से मिलने का तरीका उन्हें प्रभावित करता है।
इस अवसर पर एडवोकेट वर्मा की राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, राघव चड्ढा, साहनी सहित भाजपा के अन्य नेताओं से भी मुलाकात हुई।

वर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं पंडाल में पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने नशे से प्रभावित परिवारों तथा पीड़ित लोगों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि नशे के खिलाफ अभियान को पूरी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद अमित शाह मंच पर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
अपने संबोधन में अमित शाह ने पंजाब की माताओं और युवाओं से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का संकल्प लेने का आह्वान किया और 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को ‘चिट्टे’ से मुक्त करने का लक्ष्य रखा।
एडवोकेट एन.के. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से पंजाब के लोगों में नई उम्मीद पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को नशामुक्त, सुरक्षित और खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पंजाब का भविष्य उसके युवाओं से जुड़ा है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, रोजगार, उद्योग और हुनर के अवसरों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसा पंजाब बनना चाहिए जहां उद्योगों को बढ़ावा मिले, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों और व्यापारियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलें और किसी मां को नशे के कारण अपना बेटा न खोना पड़े।
वर्मा ने कहा कि भाजपा ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण की दिशा में काम कर रही है, जहां युवाओं के हाथों में नशे की जगह रोजगार और हुनर हो तथा प्रदेश विकास और खुशहाली की ओर आगे बढ़े।
खरड़ विधानसभा क्षेत्र से एडवोकेट एन.के. वर्मा के अलावा रणजीत गिल, हरमेश कटारिया, गणेश वार्तवाल, जग्गा, प्रमोद कुमार, राजू गुज्जर, रवनीत बैंस, मोहन, जोगिंदर पाल, भूपिंदर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जालंधर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आह्वान के अनुरूप पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

More Stories
पीएसपीसीएल प्रबंधन को आगामी निदेशक मंडल की बैठक में यूनियनों की जायज मांगों के निपटारे में तेजी लाने की हिदायत: हरपाल सिंह चीमा
अमृतसर में नशीले पदार्थ और हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े पांच व्यक्ति 13 पिस्तौल और 3.267 किलोग्राम हेरोइन समेत काबू
भाजपा सरकार बनी तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब होगा नशामुक्त : अमित शाह