जालंधर ब्रीज: मेहरचंद पॉलीटेक्निक कॉलेज, जालंधर में विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नवनिर्मित स्ट्रेस रिलीफ रूम यानी मानसिक तनाव दूर करने वाले कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस कक्ष का उद्घाटन डी.ए.वी. मैनेजिंग कमेटी के सचिव एवं मेहरचंद पॉलीटेक्निक कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी अरविंद घई जी ने किया।

मुख्य अतिथि अरविंद घई जी का स्वागत कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जग रूप सिंह जी ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर किया। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्षों ने गुलाब का फूल भेंट कर श्री अरविंद घई जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रिंसिपल डॉ. जग रूप सिंह ने बताया कि यह स्ट्रेस रिलीफ रूम कॉलेज की एक अनूठी पहल है, जहां विद्यार्थियों के मानसिक तनाव एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान काउंसलिंग के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की हिदायतों के अनुसार विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव को गंभीरता से लेना आवश्यक है। देशभर में अनेक विद्यार्थी तनावपूर्ण एवं संघर्षपूर्ण जीवन के कारण आत्महत्या जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर हो जाते हैं। इसलिए विद्यार्थियों के तनाव को कम करने के लिए शिक्षण संस्थानों को उचित एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए। मेहरचंद पॉलीटेक्निक कॉलेज में स्थापित यह स्ट्रेस रिलीफ रूम इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण एवं अनूठा कदम है।

अरविंद घई ने ज्योति प्रज्वलित कर स्ट्रेस रिलीफ रूम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रभु दयाल जी ने मंत्रोच्चारण कर वातावरण को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान मन को शांति एवं सुकून प्रदान करने वाला मधुर संगीत लगातार बजता रहा।
अरविंद घई ने कक्ष में स्थापित महात्मा बुद्ध की विशाल प्रतिमा तथा शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण की विशेष सराहना की। उन्हें बताया गया कि विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से राहत दिलाने के लिए यहां मेडिटेशन एवं योग भी करवाया जाएगा।

अरविंद घई ने कहा कि इस कक्ष में प्रवेश करते ही मन को अत्यंत शांति एवं सुकून का अनुभव हुआ है और उन्हें विश्वास है कि विद्यार्थी भी इसका भरपूर लाभ उठाएंगे। उन्होंने कॉलेज परिसर का दौरा भी किया तथा कॉलेज के प्रिंसिपल, स्टाफ एवं विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

More Stories
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश राठौर ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मोहनजीत पर पुलिस की बर्बरता के विरोध में कांग्रेस मुख्यमंत्री के हर दौरे पर काले झंडे दिखाएगी: वडिंग
अकाली दल के कार्यालय में बुजुर्ग दलित महिला के साथ मारपीट के खिलाफ आप महिला विंग ने समराला में किया जोरदार विरोध प्रदर्शन