August 16, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

एपीजे स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Share news

जालंधर ब्रीज: एपीजे स्कूल महावीर मार्ग में सुषमा पॉल बर्लिया (चेयरपर्सन, एपीजे एजुकेशन, को फाउंडर एंड चांसलर, एपीजे सत्य यूनिवर्सिटी, चेयरपर्सन एंड प्रेसिडेंट, एपीजे सत्य और स्वर्ण ग्रुप, चेयरपर्सन-एपीजे सत्य एजुकेशन रिसर्च फाऊंडेशन) के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ मनाया गया।

समारोह के आरंभ में विद्यालय के प्रिंसिपल यशपाल शर्मा तथा वाइस प्रिंसिपल आरती शौर्य भट् ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।

समारोह में छात्रों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम को देशभक्ति के रंग से सराबोर करते हुए विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक समूह-गान प्रस्तुति दी। इसके बाद स्कूल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत शानदार समूह नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में भारतीय रेलवे द्वारा प्रधानमंत्री के कैंट रेलवे स्टेशन दौरे के अवसर पर आयोजित पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, निबंध एवं कविता प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रिंसिपल यशपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता हमारे लिए अमूल्य विरासत है और हमें इसके महत्व को समझते हुए देश के प्रति अपने योगदान को निरंतर बढ़ाना चाहिए। उन्होंने भगत सिंह, सरदार वल्लभभाई पटेल तथा अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि हमें उनके योगदान पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने भारतीय सेना के साहस और समर्पण के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया और कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण ही हम सुरक्षित वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश की सेवा के लिए केवल सीमा पर जाना ही आवश्यक नहीं है; प्रत्येक व्यक्ति अपने क्षेत्र में ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है साथ ही विद्यार्थियों से भारत का नाम विश्व पटल पर ऊँचा करने तथा देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में विद्यालय मैनेजमेंट की ओर से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए चॉकलेट वितरित करवाई गईं।

पूरा परिसर “देशभक्ति, एकता और राष्ट्रगौरव” की भावना से गूंज उठा और स्वतंत्रता दिवस समारोह ने सभी के मन में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार किया।


Share news