August 11, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अमित उनियाल संभालेंगे पंजाब सीनियर क्रिकेट टीम की कमान

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने पूर्व ऑलराउंडर अमित उनियाल को पंजाब सीनियर क्रिकेट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। क्रिकेटर, कोच और चयनकर्ता के रूप में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को पंजाब क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अमित उनियाल का पंजाब क्रिकेट से पुराना जुड़ाव रहा है। वह 2017 से 2019 तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की जूनियर चयन समिति के चेयरमैन रहे। इसके बाद उन्होंने UTCA की अंडर-23 टीम के हेड कोच, चंडीगढ़ सीनियर पुरुष टीम के असिस्टेंट कोच-कम-मैनेजर और चंडीगढ़ अंडर-25 टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली।

चयन के क्षेत्र में भी उनका अच्छा अनुभव है। 2024-25 में वह UTCA की पुरुष अंडर-23 और सीनियर चयन समिति के चेयरमैन रहे, जबकि 2025-26 में चंडीगढ़ की सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन रहे। इसके अलावा वह राजस्थान रॉयल्स के स्काउट के रूप में भी काम कर चुके हैं।

खिलाड़ी के रूप में उनियाल ने पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हुए 28 प्रथम श्रेणी और 46 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं। मैदान और चयन प्रक्रिया दोनों का अनुभव रखने वाले उनियाल की सबसे बड़ी ताकत खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानना और उन्हें सही दिशा देना माना जाता है।

अब उनके सामने पंजाब को तीनों फॉर्मेट में मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम बनाने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की जिम्मेदारी होगी। उनके व्यापक अनुभव से पंजाब क्रिकेट को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


Share news