जालंधर ब्रीज: आज यहां न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जो पंजाब में क्रिकेट के एक नए और सुनहरे अध्याय की शुरुआत है।
यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा, जिसमें राज्य के कई नामी क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, गुरनूर बराड़, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह शामिल हैं।

लीग के शुभारंभ की घोषणा पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता ने की। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह भी उपस्थित रहे।
इस लीग में कुल छह टीमें 27 हाई-वोल्टेज मुकाबलों में आमने-सामने होंगी। यह टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय सितारों, स्थानीय खिलाड़ियों और पंजाब की उभरती प्रतिभाओं का बेहतरीन समन्वय देखने को मिलेगा। इस अवसर पर टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और पंजाब तथा भारत के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ने का एक शानदार मंच है। पंजाब ने हमेशा बेहतरीन क्रिकेटरों को जन्म दिया है और मुझे विश्वास है कि यह लीग ऐसे और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने में मदद करेगी। मैं इस शानदार पहल के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई देता हूं और लीग की बड़ी सफलता की कामना करता हूं।”

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा, “पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में रहा है। लाला अमरनाथ से लेकर युवराज सिंह जैसे महान खिलाड़ियों और अब शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह तथा हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों तक, राज्य ने लगातार विश्वस्तरीय क्रिकेटर दिए हैं। पंजाब में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इसी कारण हमें विश्वास है कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग देश के प्रमुख घरेलू टी-20 टूर्नामेंटों में से एक बनकर उभरेगी।”

उन्होंने कहा कि पंजाब क्रिकेट लीग मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए एक पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है।
मीत हेयर ने आगे कहा, “यह लीग युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने करियर में अगला कदम बढ़ाने का उपयुक्त अवसर प्रदान करेगी। हम सभी खिलाड़ियों, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और इस पहल से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के आभारी हैं। हमें पूरा विश्वास है कि यह लीग एक शानदार और सफल पहल साबित होगी।”
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत महिता ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग हमारे राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बेहतरीन मंच है और इस सपने को साकार करने में निरंतर सहयोग देने के लिए हम मुख्यमंत्री भगवंत मान के आभारी हैं। यह लीग उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने, बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने क्रिकेट सफर में आगे बढ़ने का अवसर देगी। हम सभी खिलाड़ियों, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और इससे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का धन्यवाद करते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग न केवल एक सफल पहल साबित होगी, बल्कि पंजाब क्रिकेट के भविष्य को संवारने और उसे और अधिक मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
इस अवसर पर पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर, अध्यक्ष अमरजीत महिता, उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने फ्रेंचाइजी मालिकों तथा क्रिकेटरों का सम्मान किया।
उल्लेखनीय है कि इस लीग का उद्देश्य राज्य के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें भारत के प्रमुख खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का भी अवसर मिलेगा। पंजाब पिछले कई वर्षों से भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में रहा है और उम्मीद है कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत करेगी।
शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग की नीलामी 9 अगस्त को आयोजित होगी, जिसमें अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी टीमों का चयन करेंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों पर कुल 45 लाख रुपये तक खर्च कर सकेगी और अधिकतम 20 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकेगी। मार्की खिलाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जबकि आइकन खिलाड़ी की बेस कीमत 1.50 लाख रुपये रखी गई है। इसके अलावा पंजाब के प्रथम श्रेणी, अंडर-23, अंडर-19 तथा जिला स्तर के खिलाड़ियों के लिए भी अलग-अलग बेस कीमत निर्धारित की गयी हैं।

More Stories
युवा विचारों का महासंगम बना एपीजे स्कूल, ए.एस.एम.यू.एन (ASMUN)7.0 ने रचा नया कीर्तिमान
जालंधर पुलिस कमिश्नर ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पंजाब में घरेलू एवं सजावटी पेंटों को लेड मुक्त बनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए