May 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

जालंधर देहाती पुलिस की बड़ी कामयाबी गुम हुए 120 और मोबाइल फोन बरामद, कुल बरामदगी की संख्या 419 तक पहुंची

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब पुलिस द्वारा लोगों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जालंधर देहाती पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।

मीडिया से बातचीत करते हुए सीनियर पुलिस कप्तान, जालंधर (देहाती) हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस कप्तान (जांच) वनीत अहलावत के नेतृत्व में जिला साझा केंद्र और सी.आई.ए. स्टाफ की टीमों द्वारा लगातार तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए गुम हुए 120 और मोबाइल फोन बरामद किए गए है। बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों को उनके असली मालिकों को वापिस सौंप दिया गया है।

एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोनों संबंधी शिकायतें साझा केंद्रों में दर्ज करके सी.ई.आई.आर. (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर अपलोड की जाती है। इस पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोनों की ट्रेसिंग की जाती है और विस्तृत डेटा विश्लेषण के बाद संबंधित थानों और सी.आई.ए. स्टाफ के साथ जानकारी साझा करके मोबाइल फोनों की बरामदगी सुनिश्चित की जाती है।

इस विशेष मुहिम के दौरान सब-इंस्पेक्टर दलविंदर सिंह, इंचार्ज जिला साझा केंद्र और इंस्पेक्टर पुष्प बाली, इंचार्ज सी.आई.ए. स्टाफ की निगरानी में पुलिस टीमों ने दिन-रात मेहनत करते हुए करीब 25 लाख रुपये कीमत के 120 मोबाइल फोन बरामद किए।

उन्होंने आगे बताया कि इस नई बरामदगी के साथ अब तक कुल 419 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके है। कीमती मोबाइल फोनों की सफल वापसी से जालंधर देहाती पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और विश्वास और मजबूत हुआ है।

श्री विर्क ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन प्रत्येक व्यक्ति की रोजाना की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं, जिनमें निजी जानकारी, तस्वीरें, बैंकिंग विवरण और अन्य महत्वपूर्ण डेटा मौजूद होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

उन्होंने कहा कि गुम हुए मोबाइल फोनों का कई बार असामाजिक तत्वों द्वारा आपराधिक गतिविधियों या साइबर क्राइम के लिए गलत इस्तेमाल भी किया जा सकता है। समय पर शिकायत दर्ज करवाने से न सिर्फ मोबाइल फोन की बरामदगी में मदद मिलती है, बल्कि इसके संभावित गलत इस्तेमाल को भी रोका जा सकता है।

पंजाब पुलिस की वचनबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि विभाग लोगों की सुरक्षा, उनकी संपत्ति की रक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और ऐसी मुहिमें भविष्य में भी जारी रहेंगी।


Share news