जालंधर ब्रीज: अरुणाचल प्रदेश प्रवास के दौरान प्रसिद्ध ऑर्थोपीडिक सर्जन, लेखक, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान से जुड़े एवं एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पद्म श्री प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय ने लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल ले. जन. के. टी. परनाइक (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर पद्म श्री प्रो. डॉ. संजय ने अपनी पुस्तक ”भारत में सड़क दुर्घटनाएँ” राज्यपाल महोदय को भेंट की। भेंट के दौरान राज्यपाल महोदय से शिक्षा, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय सुरक्षा, जन-जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। पद्म श्री प्रो. डॉ. संजय ने कहा कि माननीय राज्यपाल का दूरदर्शी व्यक्तित्व, राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा जनकल्याण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अत्यंत प्रेरणादायी है।

गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र वैश्विक सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 के अवसर पर तथा अरुणाचल प्रदेश प्रवास के दौरान एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष, पद्म श्री प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय ने नॉर्थ ईस्टर्न रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में सड़क सुरक्षा विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं कल वे टोमो रिबा इंस्टिट्यूट ऑफ़ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज एवं अरुणाचल लॉ अकैडमी में सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। भारत में प्रतिवर्ष लाखों लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या पैदल चलने वालों, साइकिल चालकों एवं दोपहिया वाहन उपयोगकर्ताओं की होती है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को स्कूली पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए, क्योंकि आज के समय में वाहनों एवं परिवहन के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों और युवाओं को प्रारंभिक स्तर से ही यातायात नियमों, नागरिक जिम्मेदारी एवं सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाए, तो बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है तथा अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं। नॉर्थ ईस्टर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. दिव्येंदु पाल, सह-प्राध्यापक, सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया गया।

More Stories
पीएसपीसीएल प्रबंधन को आगामी निदेशक मंडल की बैठक में यूनियनों की जायज मांगों के निपटारे में तेजी लाने की हिदायत: हरपाल सिंह चीमा
जालंधर में नशा मुक्त पंजाब यात्रा का भव्य समापन, अमित शाह से मिले एडवोकेट एन.के. वर्मा
अमृतसर में नशीले पदार्थ और हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े पांच व्यक्ति 13 पिस्तौल और 3.267 किलोग्राम हेरोइन समेत काबू