जालंधर ब्रीज: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘शहीद भगत सिंह पंजाब राज्य वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार हर वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर दिया जाता है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा सतत विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि यह पुरस्कार पंजाब के महान शहीद शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के प्रकृति प्रेम और देश के प्रति उनके योगदान की स्मृति में स्थापित किया गया है। इसके तहत वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चार श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इनमें सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ संस्थान, सर्वश्रेष्ठ गैर-सरकारी/सामाजिक संस्था तथा सर्वश्रेष्ठ उद्योग शामिल हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत को फसल अवशेष जलाने पर पूर्ण रोक, वायु, जल और मिट्टी प्रदूषण नियंत्रण, पशु अपशिष्ट प्रबंधन, पौधारोपण, गांव के तालाबों की सफाई तथा जैव विविधता संरक्षण जैसे कार्यों के आधार पर चुना जाएगा। इसी प्रकार शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन और उद्योगों का चयन पर्यावरण सुधार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा हरित तकनीकों को बढ़ावा देने जैसे मानकों पर किया जाएगा।
आशिका जैन ने बताया कि प्रत्येक विजेता संस्था को 1 लाख रुपए की नकद राशि, प्रशंसा प्रमाण पत्र तथा पंजाब सरकार के लोगो वाली सिल्वर प्लेट प्रदान की जाएगी। इस पुरस्कार के लिए वही संस्थाएं पात्र होंगी, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य किया हो।
उन्होंने बताया कि हर जिले से चारों श्रेणियों में एक-एक नामांकन जिला स्तरीय कमेटी की ओर से चयनित किया जाएगा। यह कमेटी डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित होगी, जिसमें अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) सदस्य तथा पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यकारी इंजीनियर सदस्य सचिव होंगे।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले की योग्य पंचायतों, संस्थानों, सामाजिक संगठनों और उद्योगों से अपील की है कि वे इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन करें। उन्होंने बताया कि नामांकन निर्धारित प्रोफार्मा में 27 अप्रैल तक तक हार्ड कॉपी के रूप में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय होशियारपुर में जमा करवाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास करने वालों के लिए एक बड़ा सम्मान है तथा इससे प्रदेश में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

More Stories
सरहद पार और मध्य प्रदेश आधारित हथियार तस्करी मॉड्यूल का अमृतसर में पर्दाफाश; छह पिस्तौलों समेत तीन गिरफ्तार
श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित काशी यात्रा के लिए केंद्र जल्द से जल्द करे रेलगाड़ियों का शिड्यूल जारी: दीपक बाली
विदेशी संबंधों वाला नशा और हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार गुर्गे गिरफ्तार; 9.9 किलो हेरोइन, दो पिस्तौलें बरामद