जालंधर ब्रीज: राज्य में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पी.एस.पी. सी.एल. अटोवाल, जिला होशियारपुर के सब-डिविजनल ऑफिस में तैनात लाइनमैन बलवीर सिंह (फौजी) को 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां यह जानकारी साझा करते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव तनुली, जिला होशियारपुर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता खेतीबाड़ी का काम करता है और उसने मीटर से अपने घर तक आने वाली बिजली की तार का रूट बदलवाने के लिए अर्जी दी थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता आरोपी लाइनमैन बलवीर सिंह (फौजी) से मिला, जिसने मीटर से उसके घर तक आने वाली बिजली की तारों का रास्ता बदलने के बदले 5000 रुपये रिश्वत की मांग की। उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता ने आरोपी लाइनमैन बलवीर सिंह (फौजी) द्वारा रिश्वत मांगने की बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
उसकी शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में, विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन मोहाली में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

More Stories
जस्टिस मीनाक्षी आई. मेहता ने केंद्रीय जेल व ऑब्ज़र्वेशन होम का किया निरीक्षण
जंगली जीवों की सुरक्षा संबंधी भगवंत सिंह मान सरकार की पहलकदमियों से 2 महीनों में 80, 508 सैलानियों की हुई आमद: लाल चंद कटारूचक्क
अकाली और कांग्रेसी मान सरकार पर कमेंट करने के बजाय, बताएं कि उन्होंने 15 साल में ड्रग्स के खिलाफ क्या किया है: कुलदीप सिंह धालीवाल