जालंधर ब्रीज: पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने की चल रही मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता में पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने खरड़ से एक नशा तस्कर को 5.084 किलो हेरोइन, 1.681 किलो आईसीई (मेथामफेटामाइन) और 6,50,000 रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार कर नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई एएनटीएफ रूपनगर रेंज द्वारा की गई है।
गिरफ्तार किये गये आरोपी की पहचान तरनतारन के गोइंदवाल साहिब निवासी आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। नशों की खेप और ड्रग मनी बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने एक चमड़े का बैग और दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें भी बरामद की हैं तथा उसकी सफेद शेवरलेट क्रूज़ कार (डीएल 82 एपी 9522) को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वह नशे की खेप पहुंचाने में कर रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार किये गये आरोपी के उस मुख्य हैंडलर से संबंध सामने आए हैं, जो ट्राइसिटी क्षेत्र में नशे की खेप की डिलीवरी और वितरण का काम देखता है।
डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए इस मामले में अगले-पिछले संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए एआईजी एएनटीएफ रूपनगर रेंज ए.एस. औलख ने बताया कि पुलिस को आरोपी और उसके साथियों के बारे में विशेष गुप्त सूचना मिली थी कि उन्होंने नशे की एक बड़ी खेप छिपा रखी है और खरड़ के नेचर हट-3 में एक फ्लैट में छिपे हुए हैं। इसके बाद डीएसपी एएनटीएफ योगेश कुमार के नेतृत्व में एएनटीएफ टीम ने उक्त फ्लैट पर छापा मारा।
उन्होंने आगे बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध आकाशदीप को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जबकि उसके दो साथी फ्लैट की बालकनी के साथ लगते खाली प्लॉट में कूदकर फरार होने में कामयाब हो गए।
एआईजी ने कहा कि आगे की जांच जारी है और दो फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है तथा आने वाले दिनों में और बरामदगी होने की संभावना है।
इस संबंध में थाना एएनटीएफ मोहाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी तथा 29 के तहत एफआईआर नंबर 305 दिनांक 24-11-2025 दर्ज की गई है।

More Stories
ऑपरेशन प्रहार 2.0′; जालंधर देहाती पुलिस ने अवैध हथियारों समेत तीन को गिरफ्तार किया
पंजाब सरकार ने नौजवानों को नशों से दूर रखने के उद्देश्य से खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए पंजाब क्रिकेट लीग को दी मंजूरी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
चंदन ग्रेवाल ने नगर निगम जालंधर कम्प्लैक्स में बाबा साहिब डा.भीम राव अंबेडकर जी की प्रतिमा का किया उद्घाटन