February 11, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पंजाब सरकार द्वारा प्रभावशाली ड्रोन शो के माध्यम से श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग़ बहादुर जी को श्रद्धांजलि भेंट

Share news

जालंधर ब्रीज: नौवें सिख गुरु साहिब एवं ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग़ बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागमों के हिस्से के रूप में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा आयोजित प्रभावशाली ड्रोन शो से पवित्र नगरी श्री आनंदपुर साहिब का आसमान प्रकाशमान हो उठा।

यह अनूठा हवाई शो धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों की खातिर गुरु साहिब एवं उनके अनुयायियों की अनुपम शहादत के प्रति गहरी श्रद्धांजलि थी।

इस ड्रोन प्रदर्शनी ने गुरु साहिब और उनके पैरोकारों की लासानी शहादत से जुड़े संपूर्ण दृश्यों को श्रद्धा और सूक्ष्मता से दर्शाते हुए प्रकाश एवं गति के अनोखे क्रम के जरिए ऐतिहासिक वृत्तांत को प्रस्तुत किया।

इस शो की शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के जालिम शासन के चित्रण से हुई, जिसके द्वारा सभी को इस्लाम धर्म में शामिल करने की इच्छा के कारण जजिया कर लगाने और जबरन धर्म परिवर्तन सहित बड़े पैमाने पर अनेकों अत्याचार किए गए थे।

अपने धर्म की रक्षा के लिए श्री गुरु तेग़ बहादुर साहिब जी की शरण में आए कश्मीरी पंडितों की दयनीय स्थिति को ठोस रूप में प्रस्तुत किया गया तथा ऑडियो के द्वारा “जो सरण आवै तिसु कंठ लावै” (जो कोई शरण में आता है, मैं उसे गले लगा लेता हूँ) के सिद्धांत के प्रति गुरु साहिब की दृढ़ प्रतिबद्धता को उजागर किया गया।

इस ड्रोन शो में आगे दिल्ली के चांदनी चौक में यातनाएं देकर गुरु के अनुयायिओं को शहीद करने के वृत्तांत को दर्शाया गया। भाई मती दास जी को जीते जी आरे से चीरकर शहीद करने के दृश्य को ड्रोनों के साथ-साथ दिल को झकझोर देने वाली ऑडियो से जीवंत कर दिया गया। इसी तरह ड्रोंनो के द्वारा भाई दयाला जी को जिंदा उबालने के अद्भुत साहस और भाई सती दास जी, जिन्हें रूईं में लपेटकर जिंदा जला दिया गया था, उनकी शहादत को भी पूर्ण श्रद्धा के साथ प्रस्तुत किया गया।

शो के अंत में श्री गुरु तेग़ बहादुर जी की शहादत का गंभीर चित्रण किया गया। ड्रोनों के माध्यम से गुरु साहिब द्वारा अपने सिद्धांतों को त्यागने से इनकार करने और मानवीय मूल्यों-गरिमा के लिए उनकी शहादत को श्रद्धा एवं गंभीरता के साथ प्रस्तुत किया गया तथा ऑडियो के जरिए जल्लाद द्वारा गुरु साहिब के पवित्र शीश को धड़ से अलग करने से ठीक पहले के अंतिम क्षणों का वर्णन किया गया।

यह शो गुरु जी के पवित्र शीश को भाई जैता जी द्वारा साहसपूर्वक श्री आनंदपुर साहिब लाये जाने और गुरू साहिब के अंतिम संस्कारों की श्रद्धा एवं उदासी से भरी प्रस्तुति के साथ समाप्त हुआ, जिससे विरासत-ए-खालसा में एकत्र हुई संगत में श्रद्धा और सम्मान की गहरी भावना जागृत हुई। पूरे शो के दौरान पंजाबी वृत्तांत ने एक गहरा और ज्ञानवर्धक अनुभव प्रदान किया, जिसने संगत को इस घटना के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व से जोड़ा गया।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इस ऐतिहासिक दिवस को समर्पित समागमों में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करके यह सुनिश्चित कर रही है कि नौजवान पीढ़ी और पूरी दुनिया को नौवें गुरु साहिब एवं उनके पैरोकारों के जीवन, दर्शन और अनुपम शहादत से परिचित कराया जाए तथा विश्व इतिहास में धार्मिक स्वतंत्रता के सबसे बड़े रक्षक के रूप में उनकी विरासत को उजागर किया जाए। यह अनोखा ड्रोन शो गुरु साहिब के शहीदी दिवस को समर्पित समागमों के मुख्य आकर्षण में से एक है और यह पंजाब सरकार की प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा विश्व भर तक पहुँचाने की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

इस शानदार ड्रोन शो के दौरान दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस, पर्यटन मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद, लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ., जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक बुद्ध राम, विधायक गुरदित्त सिंह सेखों तथा विधायक जसवंत सिंह गज्जणमाजरा उपस्थित रहे।


Share news