जालंधर ब्रीज: जिले में 16 सितंबर से शुरू हो रही धान की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और बिना किसी रुकावट के संपन्न कराने के लिए आज डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने सभी खरीद एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशानुसार कंबाइनों के संचालन का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तय किया गया है। इसके अतिरिक्त समय में कंबाइन चलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने जिले के कंबाइन मालिकों को सख्ती से इस आदेश का पालन करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में केवल सूखा धान ही लेकर आएं, ताकि उनकी फसल की खरीद तुरंत और बिना किसी परेशानी के हो सके। इसी प्रकार आढ़तियों को भी प्रेरित किया गया कि वे किसानों को केवल सूखा धान ही मंडियों में लाने के लिए प्रोत्साहित करें।
डिप्टी कमिश्नर ने पनग्रेन, मार्कफेड, वेयरहाउस, पनसप और एफ.सी.आई. जैसी खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उन्हें अपने-अपने आवंटित मंडियों में समय पर और सुचारू ढंग से खरीद सुनिश्चित करनी होगी। किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में पीने के पानी, छांव तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले ही कर दी गई है।
उन्होंने आगे बताया कि इस सीजन के दौरान जिले की मंडियों में लगभग 4,36,000 मीट्रिक टन धान की खरीद होने की संभावना है। किसी भी मंडी में बोरों (बारदाने) की कोई कमी नहीं है और खरीदे गए धान के भंडारण एवं सुरक्षित रखरखाव के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

More Stories
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित
लोहे और स्टील की कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 4.35 करोड़ रुपये का माल जब्त: हरपाल सिंह चीमा
नशों पर अंकुश लगाने के लिए डीजीपी गौरव यादव ने पंजाब पुलिस की एएनटीएफ में अत्याधुनिक स्पेशल इंटेलिजेंस एंड टेक्निकल यूनिट का उद्घाटन किया