April 13, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के बुलंद हौसले को किया सलाम

Share news

पानी में घिरे लोगों के घरों में जाकर जाना हाल

पीड़ित लोगों की सेवा ही वास्तव में मानवता का धर्म: संत सीचेवाल

जालंधर ब्रीज: दो राज्यसभा सांसदों, संत बलवीर सिंह सीचेवाल और क्रिकेटर हरभजन सिंह ने मंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। बाढ़ के पानी से गुजरते हुए दोनों सांसदों ने ट्रैक्टर की मदद से पीड़ित लोगों के घरों तक पहुंचकर उनका हाल जाना। बाढ़ के पानी में अपनी फसलों और घरों का नुकसान होने के बावजूद, जब लोगों के हौसले बुलंद देखे, तो हरभजन सिंह भी हैरान रह गए।

बातचीत के दौरान हरभजन सिंह ने कहा कि किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद होने के बावजूद उनका मनोबल नहीं डगमगाया, बल्कि उनका हौसला पूरी तरह बुलंद है। उन्होंने कहा कि यही पंजाबियत है, जो दुखों में भी हौसला बनाए रखती है। दोनों सांसदों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए पशुओं का चारा भी वितरित किया।

हरभजन सिंह ने अपने सहयोगी संत बलवीर सिंह सीचेवाल के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब भी लोगों पर संकट आता है, वे हमेशा मदद के लिए अग्रणी भूमिका निभाते हैं। इसीलिए उन्होंने पहले दिन से ही बाढ़ पीड़ितों के लिए एक्सकेवेटर और जेसीबी के साथ-साथ दो नावों का प्रबंध किया है। इस अवसर पर हरभजन सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वे बाबा जी के साथ मिलकर केंद्र और पंजाब सरकार के समक्ष इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे और इसके समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर सांसद और पर्यावरण प्रेमी संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने बताया कि वे बाढ़ में घिरे लोगों के घरों में जाकर आए हैं और उनके लिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में मानव का पहला कर्तव्य है कि वह दूसरों की मदद करे। संत सीचेवाल ने कहा कि पीड़ित लोगों की सेवा ही वास्तव में मानवता की सेवा है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा सांसद हरभजन सिंह भज्जी के मन में लोगों की सेवा का जज्बा हमेशा रहा है।

आज भी वे बाढ़ पीड़ितों के दर्द को करीब से जानने के लिए उत्साहपूर्वक आए हैं। संत सीचेवाल ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तनदेही से कार्य कर रहा है।


Share news