February 25, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ हवन यज्ञ के साथ

Share news

जालंधर ब्रीज: मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर में नए सत्र की शुरुआत हवन कुंड में आहुतियाँ डालकर और मंत्रोच्चारण के साथ की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके माता-पिता उपस्थित थे। इस बार कार्यक्रम में रिटायर्ड स्टाफ मेंबर्स को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष और स्टाफ सदस्य भी इस मौके पर मौजूद रहे।

यह आयोजन महात्मा आनंद स्वामी ऑडिटोरियम में किया गया, जो नए विद्यार्थियों से खचाखच भरा हुआ था। हवन की संपूर्ण प्रक्रिया स्टाफ सदस्य प्रभु दयाल की देखरेख में हुई और खास बात यह रही कि हवन विद्यार्थियों ने स्वयं ही संपन्न किया।

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ विद्यार्थी किसी भी ऊँचाई को छू सकते हैं। डॉ. सिंह ने मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कॉलेज में दाखिला लेकर विद्यार्थियों ने अपनी सफलता की आधी जंग पहले ही जीत ली है। उन्होंने विद्यार्थियों को नम्रता, निष्ठा और निरंतर प्रयास के साथ लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा दी।

डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि माता-पिता, अध्यापकों और विद्यार्थियों के आपसी सहयोग और तालमेल से ही विद्यार्थी सफलता के उच्च शिखर तक पहुँच सकते हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दो प्रोग्रामों को एनबीए से मान्यता प्राप्त है और यह पंजाब का एकमात्र पॉलिटेक्निक कॉलेज है जिसे यह उपलब्धि मिली है।

उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सभी बच्चे मेहनत से उच्च कोटि के इंजीनियर बनें और कॉलेज का नाम रोशन करें। उन्होंने हर विद्यार्थी से अपना लक्ष्य तय करने को कहा। प्रिंसिपल साहब ने महात्मा आनंद स्वामी और शहीद ऊधम सिंह के जीवन से प्रेरक प्रसंग सुनाकर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर कॉलेज के नए प्रॉस्पेक्टस को सबसे पुराने विद्यार्थी और पूर्व अध्यापक एन. एल. अरोड़ा, प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह और विभागाध्यक्षों द्वारा रिलीज किया गया, जिसकी एक प्रति हर विद्यार्थी को दी गई।

साल 2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कंप्यूटर साइंस और ऑटोमोबाइल विभाग के स्टाफ को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को कॉलेज कैंपस का राउंड भी करवाया गया।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और फार्मेसी में सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं, केवल कंप्यूटर साइंस और लेटरल एंट्री की कुछ सीटें ही शेष हैं। 10वीं पास विद्यार्थी 14 अगस्त तक इन कोर्सेज में दाखिला लेकर अपना करियर बना सकते हैं।

अंत में सभी विद्यार्थियों को प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए। प्रिंसिपल साहब ने बताया कि विद्यार्थियों का इंडक्शन प्रोग्राम 31 जुलाई से 8 अगस्त तक चलेगा और 11 अगस्त से नियमित कक्षाएँ शुरू होंगी।


Share news