February 26, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

होशियारपुर नेचर फेस्ट-2025: प्रकृति, रोमांच और संस्कृति का भव्य समापन

Share news

जालंधर ब्रीज: पांच दिवसीय होशियारपुर नेचर फेस्ट-2025 का समापन एक अविस्मरणीय अनुभव के साथ हुआ, जिसमें प्रकृति प्रेमियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह फेस्ट न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि नेचर टूरिज्म को बढ़ावा देने और पर्यावरण जागरूकता फैलाने का एक सशक्त मंच भी साबित हुआ।

फेस्ट के अंतिम दिन नेचर रिट्रीट चौहाल में पर्यटकों ने बोटिंग का आनंद लिया। शांत जल में बोटिंग करते हुए उन्होंने प्रकृति की अनुपम छटा का अनुभव किया। इसके साथ ही, जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों ने घने जंगलों में वन्य जीवन को नजदीक से देखा और प्रकृति से गहरा जुड़ाव महसूस किया। समापन के दिन काइट शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न रंगों, आकारों और डिजाइनों की पतंगों ने आकाश को सजीव कर दिया। इस मनमोहक नज़ारे ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस अनुभव का भरपूर आनंद लिया।

फेस्ट के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक नृत्य, संगीत और नाटक की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न कलाकारों ने अपनी कला और परंपराओं का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। दर्शकों ने नृत्य और संगीत की धुनों पर झूमते हुए इस संध्या का भरपूर लुत्फ उठाया।

फेस्ट के समापन का सबसे खास आकर्षण स्टार नाइट रही, जिसमें प्रसिद्ध पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी मनमोहक गायकी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरे माहौल में एक अलग ऊर्जा भर दी। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर मोहाली कोमल मित्तल, एसडीसी निकास कुमार, एसडीएम टांडा पंकज कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

फेस्ट के अंतिम दिन विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, कपड़े, ज्वेलरी, झूलों और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। पर्यटकों ने जमकर खरीदारी की और स्थानीय शिल्पकारों के बनाए उत्पादों को सराहा। होशियारपुर नेचर फेस्ट-2025 की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि नेचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं।


Share news