June 20, 2025

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर पार्टी के मंत्रियों,पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोहाली में मनाया जश्न

Share news

जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर बुधवार को जहां देश के सभी राज्य और जिला कार्यालयों में जश्न मनाया गया,वहीं इसी खुशी में मोहाली में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आप सरकार के मंत्री,पदाधिकारी और सभी कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मेहनत को सलाम किया और आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि हमारे देश की जनता आम आदमी पार्टी पर भरोसा करती है और उनके इसी प्यार और विश्वास ने पार्टी को नई ऊंचाईयों तक पहुँचाया है। 

राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद आम आदमी पार्टी अब सभी राज्यों में आसानी से चुनाव लड़ सकेगी। पूरे देश में ‘झाड़ू’ को आप के पार्टी चिन्ह के रूप में मान्यता मिली है। मंत्री अनमोल गगन मान ने आगे कहा कि अब पार्टी और उसकी भ्रष्टाचार विरोधी विचारधारा देश के कोने-कोने तक पहुंचेगी। जल्द ही आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे।  केजरीवाल के रूप में हमारे देश को एक शिक्षित और जनहितैषी नेता मिलेगा।

वहीं “आप” पंजाब के महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि आज अन्य राजनीतिक पार्टियां सिमट रही हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी अपनी जनहितैषी नीतियों की वजह से फल-फूल रही है और तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अब सभी राज्यों के लोग आप की ओर देख रहे हैं और पारंपरिक राजनीतिक दलों के भ्रष्ट शासन को समाप्त करने के लिए तैयार हैं।

बरसट ने कहा कि इस असाधारण मील के पत्थर को हासिल करने के बाद “आप” महज दस वर्षों में दो राज्यों में सरकार बनाने के साथ गुजरात और गोवा में विधायक और 10 राज्यसभा सदस्यों के साथ एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।

बरसट ने कहा कि देश की राष्ट्रीय पार्टी बनने के साथ ही अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का मेक इंडिया नंबर-1 का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लोगों से क्रांतिकारी पार्टी का सदस्य बनने के लिए 9871010101 पर मिस कॉल देने की अपील कर रहे हैं।

इस मौके पर उनके साथ विधायक दलजीत सिंह भोला, विधायक हरदीप सिंह मुंडियां, विधायक रूपिंदर हैप्पी, विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, विधायक तरनजीत सोंध, चेयरमैन सनी अहलूवालिया, सचिव शमिंदर सिंह खिंडा, प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग,चेयरमैन नील गर्ग, मोहाली जिला अध्यक्ष प्रभजोत कौर,चेयरमैन अमनदीप सिंह मोही,चेयरमैन परमिंदर गोल्डी और पीयू प्रेजिडेंट आयुष खटकड़ और हजारों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।


Share news

You may have missed