March 21, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

भगवंत मान गृह मंत्री के पद से तुरंत इस्तीफा दें: सुभाष शर्मा

Share news

जालंधर ब्रीज: मुख्यमंत्री भगवंत मान गृह मंत्रालय संभालने के लायक नहीं हैं, मानसा के कोटली कलां में 6 साल के मासूम बच्चे की हत्या के बाद अगर मुख्यमंत्री के पास कोई अंतरात्मा की आवाज बची हो, तो उन्हें तुरंत अपने गृहमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उक्त बातें पंजाब भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस हत्या ने पंजाबियों के दिलों को दहला कर रख दिया है और हम सभी बहुत दु:खी व चिंतित हैं।

सुभाष शर्मा ने आरोप लगाया कि जब से भगवंत की सरकार पंजाब की सत्ता में आई है, पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। मुख्यमंत्री पंजाब की तरफ ध्यान देने की बजाय अपने आका ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को खुश रखने में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले आठ महीनों से पंजाब में नियमित पुलिस प्रमुख नहीं है, जबकि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, 6 महीने से अधिक के लिए कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त नहीं किया जा सकता। लेकिन इस आम आदमी पार्टी की सरकार को हमारे संविधान व कानून की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जिस तरह रोज हत्याएं हो रही हैं, थानों पर कब्जा कर पुलिस वालों से मारपीट की जा रही हैं, यह सब मुख्यमंत्री भगवंत मान की नालाईकी के कारण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में स्थिति सुधरने के बजाय दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराधी, गैंगस्टर और देश विरोधी ताकतें बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि मासूम बच्चे की हत्या के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पंजाब का एक नियमित पुलिस प्रमुख नियुक्त किया जाए और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।


Share news