जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) को पंजाब के विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत के बाद राज्य के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरु की नगरी अमृतसर पहुंचे। दोनों नेताओं ने पार्टी की समूची लीडरशिप के साथ श्री हरमंदिर साहिब, राम तीर्थ मंदिर और दुर्गियाना मंदिर में माथा टेका और पंजाब सहित पूरी दुनिया की समृद्धि, शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए प्रार्थना की।
रविवार को श्री अमृतसर पहुंचकर आप नेता भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। उन्होंने पंजाब में आप को मिली भारी जीत के लिए ईश्वर का धन्यवाद किया और पंजाब को वापस खुशहाल और समृद्ध बनाने के लिए आशीर्वाद लिया। आप नेताओं ने हरमंदिर साहिब में पंजाब, पंजाबियत और पूरी मानवता की प्रगति, समृद्धि, आपसी प्रेम, भाईचारे,सद्भाव और पंजाब की बहुआयामी समृद्धि को मजबूत करने के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधकों ने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को सिरोपा देकर सम्मानित किया।
हरमंदिर साहिब के दर्शन के बाद भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर और राम तीर्थ मंदिर में माथा टेक कर ईश्वर का आशीर्वाद लिया। मंदिर में माथा टेकने के बाद दोनों नेता जलियांवाला बाग पहुंचे,जहां उन्होंने शहीदी स्मारक में श्रद्धा के फूल अर्पित कर आजादी के परवानों (शहीदों) को श्रद्धांजलि दी। आप नेताओं ने शहीदों के सपनों को पूरा करने और क्रांति की लौ को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पंजाब मामलों के प्रभारी विधायक जरनैल सिंह, सह प्रभारी विधायक राघव चड्ढा, पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

More Stories
मेयर और डिप्टी कमिश्नर द्वारा नगर निगम को श्रद्धालुओं के लिए सुचारू प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश
मान सरकार ने 1,325 करोड़ रुपये खर्च कर किसानों को उपलब्ध करवाईं 94,456 फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें: गुरमीत सिंह खुड्डियां
हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026,भारत बड़ी जीत के साथ फाइनल में पहुंचा सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराया