जालंधर ब्रीज: पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रहे भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से राजभवन में मुलाकात की और खुद के अलावा ‘आप’ के सभी 91 नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। शुक्रवार शाम को आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक में भगवंत मान को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मान ने राज्यपाल से मिलने का समय तय किया था।
राज्यपाल से मिलने के बाद राजभवन के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि हमने राज्यपाल महोदय को आम आदमी पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र सौंप दिया है और पंजाब की अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया है, जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया। हमने राज्यपाल महोदय को शपथ ग्रहण समारोह की जगह और समय की भी जानकारी दी। 16 मार्च को दोपहर साढ़े 12 बजे शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में शपथ ग्रहण समारोह होगा।
मान ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर के लिए मैं पंजाब के सभी लोगों को खटकर कलां आने के लिए आमंत्रित करता हूं। 16 मार्च को सिर्फ हम और हमारे मंत्री नहीं, पंजाब के सभी लोग पंजाब को फिर से पंजाब बनाने की शपथ लेंगे। हम साथ मिलकर पंजाब को पहले की तरह खुशहाल, संपन्न और समृद्ध बनाएंगे।

More Stories
पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर स्थित आईसीएआर-सीआईपीएफईटी के केवीके फाजिल्का में एकीकृत कीट प्रबंधन पर पांच दिवसीय मानव संसाधन विकास कार्यक्रम का उद्घाटन
नगर निगम जालंधर की बड़ी कार्रवाई: जोन नंबर 7 में बकाया वसूली और अवैध कनेक्शन काटे
जालंधर में सीएनजी को बढ़ावा देने की मुहिम तेज, ट्रांसपोर्टर्स से बदलाव की अपील