जालंधर ब्रीज: पंजाब मंत्रिमंडल द्वारा आज 15वीं पंजाब विधानसभा को भंग करने के लिए राज्य के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को सिफ़ारिश करने की मंज़ूरी दे दी गई है। इस सम्बन्धी फ़ैसला आज सुबह मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता अधीन उनके सरकारी आवास पर हुई वर्चुअल कैबिनेट मीटिंग के दौरान लिया गया।
इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए आज यहाँ मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब के राज्यपाल भारत के संविधान के अनुच्छेद 174 की धारा (2) की उप-धारा (बी) के अनुसार राज्य विधानसभा को भंग करने के लिए अधिकृत हैं। यह कदम एक संवैधानिक आवश्यकता के तौर पर अब 16वीं पंजाब विधानसभा के गठन के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा।
मीटिंग के अंत में मुख्यमंत्री ने मौजूदा सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य में समग्र विकास और अमन-शांति को कायम रखने के लिए अपने सभी कैबिनेट साथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और लोगों का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने आने वाली सरकार को भी बधाई दी और आशा अभिव्यक्त की कि नई सरकार लोगों से किए गए वादों को पूरी गंभीरता से लागू करेगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि उनकी सरकार द्वारा जनहित में लिए गए फ़ैसलों जैसे कि बिजली दरों में कटौती, तेल पर वैट घटाने के अलावा रेत-बजरी के रेट घटाने आदि को अगली सरकार द्वारा भी जारी रखा जाएगा।

More Stories
फिरोज़पुर में 5.7 किलो हेरोइन, 1.33 लाख नशीली गोलियां, 39 जिंदा कारतूसों के साथ तीन व्यक्ति गिरफ्तार
मानसा जिले में कपास फसल में कीट एवं रोगों की स्थिति का संयुक्त क्षेत्रीय सर्वेक्षण सम्पन्न
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित