March 6, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

भारत ने श्रीलंका को पहले टेस्ट मैच में हरा दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली,पंजाब के राज्यपाल भी पहुंचे पीसीए क्रिकेट स्टेडियम मोहाली

Share news

जालंधर ब्रीज: भारत ने श्रीलंका को पहले टेस्ट मैच में एक पारी और 222 रनों के बड़े अंतर से पीसीए के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली में आज हरा दिया। इसी के साथ रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया ने पहली टेस्ट जीत दर्ज की और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली । 

फोटो बीसीसीआई

मोहाली में खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रविंद्र जडेजा की 175 रन की नाबाद पारी के दम पर 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 174 रन पर सिमट गई और फिर फॉलोऑन के लिए दोबारा बल्लेबाजी करते हुए दूसरी पारी में सिर्फ 178 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा ने दोनों पारियों में मिलाकर कुल 9 विकेट लिए जबकि अश्विन ने छह विकेट हासिल किए। 
 

राज्यपाल भी पहुंचे पीसीए क्रिकेट स्टेडियम

पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित आज सुबह पीसीए के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली पहुंचे और उन्होंने वहाँ भारत और श्रीलंका के बीच चल रहे टेस्ट मैच का आनंद लिया। पंजाब क्रिकेट एस्सोसिऐशन के अध्यक्ष राजिंदर गुप्ता ने राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित का इस मौके पर स्टेडियम में स्वागत किया ।

राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने एकअनौपचारिक बातचीत में पीसीए द्वारा बहुत ही कम समय में दर्शकों के लिए अनुकूल व्यवस्था करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की क्योंकि पहले स्टेडियम में दर्शकों को प्रवेश की इज़ाज़त नहीं दी गई थी और कुछ दिन पहले ही बीसीसीआई द्वारा स्टेडियम के अंदर दर्शकों की 50% क्षमता की अनुमति देने का निर्णय लिया गया ।

उन्होंने प्रदेश में खेल गतिविधियों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के लिए पीसीए की भी सराहना की, ताकि प्रदेश की युवा प्रतिभाएं आगे आ सकें।


Share news