जालंधर ब्रीज: सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के तहत प्रादेशिक जनसंपर्क ब्यूरो (आरओबी) और पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), चंडीगढ़ द्वारा आज कोविड-19 और संबंधित मुद्दों पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार के दौरान, अतिथि वक्ताओं ने डेल्टा प्लस वैरिएंट से जुड़े तथ्यों, गर्भवती महिलाओं के कोविड टीकाकरण और महामारी के दौरान मानसिक स्वास्थ्य आदि विषयों पर प्रकाश डाला।
गर्भवती महिलाओं में टीकाकरण की आवश्यकता पर जानकारी देते हुए अतिथि वक्ता, डॉ. एन.के.अरोड़ा, अध्यक्ष, कोविड-19 टास्क फोर्स (इंडिया) ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान कोविड-19 संक्रमण से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में तेजी से गिरावट आ सकती है और इस समय पर गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि उच्च संक्रामकता दर के कारण, डेल्टा वैरिएंट ने दूसरी लहर के दौरान गंभीर प्रभाव डाला है। उन्होंने ट्रांसमिशन श्रृंखला को तोड़ने के लिए कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं में टीकाकरण से होने वाले लाभ और बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया।

इस अवसर पर अन्य वक्ता, डॉ गौतम साहा, अध्यक्ष, इंडियन साइकियाट्री सोसाइटी, कोलकाता ने कहा कि कोविड-19 ने कोरोनोवायरस से जुड़ी अनिश्चितता, क्वारंटाइन और लॉकडाउन उपायों और कोविड-19 टीकाकरण पर गलत सूचना के कारण जनता के बीच अवसाद, अकेलापन और चिंता जैसे मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों को पैदा किया है। उन्होंने बताया कि डेल्टा प्लस एक नया वैरिएंट है जिसमें जबरदस्त संक्रामकता है और हर गर्भवती महिला को कोविड का टीका लगवाना चाहिए, अगर टीकाकरण के कारण कोई खराब असर की संभावना नहीं है। डॉ. साहा ने बताया जागरूकता, परामर्श, सुरक्षा उपायों का पालन, अनुशासन जीवन शैली मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने के प्रमुख कारक हैं।
हितेश रावत, सहायक निदेशक, पीआईबी, चंडीगढ़ ने प्रतिभागियों को स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। सुश्री सपना, सहायक निदेशक, आरओबी, चंडीगढ़ ने सत्र का संचालन किया और कोविड-19 के बारे में जनता के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए क्षेत्र में की जा रही विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। श्रीमती संगीता जोशी, सहायक निदेशक, आरओबी, चंडीगढ़ ने वक्ताओं और उपस्थित प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
चंडीगढ़ क्षेत्र के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अन्य अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एफएम चैनलों और सामुदायिक रेडियो के प्रतिनिधियों ने भी वेबिनार में भाग लिया।

More Stories
मेहरचंद पॉलिटेक्निक में नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित
विकसित भारत’ के सपने और उच्च नैतिकता का एक उत्कृष्ट संगम ‘मिज़ोरम’
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय कार्यक्रम में प्रो. डॉ. संजय अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी का संबोधन