June 14, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 31वें दिन पंजाब पुलिस द्वारा 48 नशा तस्कर गिरफ्तार; 16.7 किलो हेरोइन, 34 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद

Share news

जालंधर ब्रीज: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर प्रदेश से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए शुरू किए गए “युद्ध नशों  विरुद्ध” मुहिम के 31वें दिन, पंजाब पुलिस ने आज 48 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 16.7 किलो हेरोइन और 34,300 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इस तरह, केवल 31 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 4,640 हो गई है।

यह ऑपरेशन, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देशानुसार राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी भी गठित की गई है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि 99 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1,400 से अधिक पुलिस कर्मियों की 200 से अधिक टीमों द्वारा राज्यभर में 518 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसके तहत 35 एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने आगे बताया कि पूरे दिन चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 608 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।

स्पेशल डीजीपी ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन स्तरीय रणनीति – प्रवर्तन, नशा मुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) – लागू की गई है। पंजाब पुलिस द्वारा इस रणनीति के ‘नशा मुक्ति’ हिस्से के तहत दो व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया है।


Share news

You may have missed