जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सिज़ प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (ए.एफ.पी.आई.) के 8वें कोर्स के दो कैडिटों ने भारतीय वायु सेना में कमिशन्ड अफ़सर के तौर पर शामिल होकर प्रदेश का नाम रौशन किया है।
इन दोनों कैडिटों को आज एयर फोर्स अकेडमी, डुंडीगल (हैदराबाद) में हुई कम्बाइंड ग्रेजुएशन परेड (सीजीपी) उपरांत भारतीय वायु सेना में अफ़सर के तौर पर कमीशन दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस परेड का निरीक्षण एयर चीफ़ मार्शल वी. आर. चौधरी, पी.वी.एस.एम., ए.वी.एस.एम., वी.एम., ए.डी.सी. द्वारा किया गया।
तरन तारन निवासी फ्लाईंग अफ़सर कंवरनूर सिंह फाइटर पायलट के तौर पर फ्लाईंग ब्रांच में शामिल होंगे, जबकि अमृतसर निवासी फ्लाईंग अफ़सर अनीश पांडे हेलीकॉप्टर पायलट के तौर पर फ्लाईंग ब्रांच में शामिल होंगे।
पंजाब के रोज़गार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने दोनों कैडिटों को भारतीय वायु सेना के अधिकारी बनने पर बधाई दी और उनको सुनहरी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बताया कि इन कैडिटों के कमिशन्ड अफ़सर बनने से महाराजा रणजीत सिंह ए.एफ.पी.आई. के 160 पूर्व कैडिट भारतीय सशस्त्र सेनाओं के अलग-अलग विंगों में कमिशन्ड अफ़सर के तौर पर शामिल हो चुके हैं, जिनमें 21 अफ़सर भारतीय वायु सेना, 121 अफ़सर भारतीय थल सेना और 18 अफ़सर भारतीय नौसेना में शामिल हुए हैं। इसके अलावा 69 पूर्व कैडिट तीनों सेवाओं में कमिशन्ड अफ़सर बनने के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं।
महाराजा रणजीत सिंह ए.एफ.पी.आई. के डायरेक्टर जनरल, मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वी.एस.एम. ने कैडिटों को कमिशन्ड अफ़सर बनने पर बधाई देते हुए उनको संस्था के निष्ठावान प्रतिनिधि और पंजाब के सपूत के तौर पर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

More Stories
प्रतिस्पर्धा नहीं, पूरकता ही चिकित्सा का मूल सिद्धांत : प्रो. डॉ. बी. के. एस. संजय
नेत्रहीन व्यक्तियों के लिए छठी इंद्रिय के माध्यम से तकनीकी शिक्षा
‘सतलुज’ फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने में भाजपा की कोई भूमिका नहीं; लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक : सरदार रवनीत सिंह