
जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार की ओर से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू किए गए ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नशे के खात्मे और नशा तस्करों की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए होशियारपुर पुलिस ने स्थानीय सिविल प्रशासन के साथ मिलकर शहर के मोहल्ला बहादुरपुर में पंज पीपली मंदिर के पास हुए अनधिकृत निर्माण को आज ढहा दिया। यह अवैध निर्माण एक व्यक्ति द्वारा किया गया था, जिसका नशे के कारोबार से संबंध है, और इसे सिविल प्रशासन के आदेशों पर ढहाया गया।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए एस.एस.पी. होशियारपुर संदीप कुमार मलिक ने बताया कि नगर निगम, होशियारपुर, जिसे इस अवैध निर्माण को ढहाने के लिए पुलिस सहायता की आवश्यकता थी, के अनुरोध पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मंदीप सिंह उर्फ मनू के खिलाफ की गई, जिसके खिलाफ 9 एफ.आई.आर. दर्ज हैं और वह वर्तमान में जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि मंदीप के खिलाफ दर्ज मामलों में अधिकांश एनडीपीएस से संबंधित हैं।
उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार के निर्देशों पर होशियारपुर पुलिस की ओर से नशे और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई को जारी रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी कि या तो नशा तस्करी छोड़कर कोई और काम कर लें, या सख्त से सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
उन्होंने बताया कि इन तस्करों से स्थानीय लोग बहुत परेशान थे, जिसके लिए उन्होंने पंजाब सरकार की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों ने कहा कि वे पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश में नशे को खत्म करने के लिए किए जा रहे इन प्रयासों का स्वागत करते हैं।
More Stories
विदेश मंत्रालय (MEA) ने पासपोर्ट सेवा दिवस मनाया
कांग्रेस का आज भी मानना है कि इस देश की सत्ता पर केवल और केवल उनके परिवार का हक है:-आर.पी सिंह
जालंधर में एक सप्ताह में शुरू होगी ‘ईजी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन’: मोहिंदर भगत