March 25, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अमृतसर में नशा तस्करी मॉड्यूल के दो सदस्य 5 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल के दो सदस्यों को 5 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के खट्टराये खुर्द निवासी मनिंदर सिंह और अमृतसर के फिरवाड़िया निवासी गुरजंट सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने नशीले पदार्थ के अलावा आरोपियों की हैचबैक हुंडई आई-20 कार (नंबर पीबी10 जीएच 0140) भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वे खेप लाने-ले जाने के लिए करते थे।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों और सीमा पार से सप्लाई करने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे।

उन्होंने ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सी.आई. अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक विदेशी व्यक्ति पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में है और वह अपने पंजाब आधारित सहयोगियों—मनिंदर सिंह और गुरजंट सिंह—की मदद से राज्य में नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों को अपने हैंडलर से नशीले पदार्थों की खेप मिली थी, जिसे वे किसी अन्य पार्टी तक पहुंचाने के लिए अपनी आई-20 कार में जिला अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के गांव धारीवाल जा रहे थे। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके में नाके लगाए और दोनों संदिग्धों को रोककर उनके कब्जे से 5 किलो हेरोइन बरामद की। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 18 दिनांक 21-03-2026 को पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धाराएं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Share news