February 19, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

मेहर चंद पॉलिटेक्निक में 25 से 27 फरवरी तक निट्टर का तीन दिवसीय शॉर्ट टर्म कोर्स

Share news

जालंधर ब्रीज: जालंधर के मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में 25 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय शॉर्ट टर्म कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। यह कोर्स नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

इस कोर्स का विषय “इंस्ट्रक्शनल डिजाइन एंड डिलीवरी” रखा गया है। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि निट्टर के एजुकेशनल विभाग के प्रमुख प्रो. ए.बी. गुप्ता इस कोर्स में मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में भाग लेंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लगभग 35 से 40 शिक्षक हिस्सा लेंगे। इनमें प्रमुख रूप से मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज जालंधर, डेविएट जालंधर, गुरु नानक देव पॉलिटेक्निक लुधियाना और रामगढ़िया पॉलिटेक्निक फगवाड़ा के अध्यापक शामिल होंगे।

डॉ. राजीव भाटिया इस कोर्स के कोऑर्डिनेटर तथा प्रिंस मदान को-कोऑर्डिनेटर के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह के अनुसार इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य परिणाम आधारित शिक्षा और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण प्रणाली को समझना और अपनाना है। साथ ही अध्यापकों की टीचिंग पद्धति में सुधार लाना, शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना, विद्यार्थी केंद्रित शिक्षा के उद्देश्यों को स्पष्ट करना तथा एनबीए एक्रिडिटेशन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रो. ए.बी. गुप्ता पिछले 39 वर्षों से निट्टर में शिक्षण कार्य कर रहे हैं और 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र लिख चुके हैं।

कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि इस शॉर्ट टर्म कोर्स से बहु-तकनीकी कॉलेजों के अध्यापकों को टीचिंग-लर्निंग प्रोसेस में और अधिक निखार लाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।


Share news