सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनी, अधिकारियों को उचित और समयबद्ध ढंग से उनका समाधान करने के दिए निर्देश
कहा, सफाई कर्मचारियों के बैकलॉग को स्थायी भर्ती के माध्यम से पूरा करने का मुद्दा पंजाब सरकार के समक्ष जोरदार ढंग से उठाया जाएगा
जालंधर ब्रीज: पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने आज यहां जिला प्रशासकीय परिसर में सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उचित और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करने के निर्देश दिए।

नगर निगमों/काउंसिलों/नगर पंचायतों के अधिकारियों और सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान चेयरमैन ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सफाई कर्मचारियों की बेहतरी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आयोग राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों के कल्याण को सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन, आवश्यक सुरक्षा उपकरण और क्षमता निर्माण के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह, अतिरिक्त कमिश्नर नगर निगम जालंधर राकेश कुमार और ए.सी.पी ( हेडक्वॉर्टर) मनमोहन सिंह भी मौजूद थे। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिनके कल्याण के लिए आयोग लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज सफाई कर्मचारियों की कई समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों को उन्हें समयबद्ध तरीके से हल करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ मांगें जो सरकार के स्तर की है, उन्हें मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान तक पहुंचाया जाएगा ताकि उनका भी जल्द से जल्द समाधान किया जा सके। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने विभिन्न विभागों में रिकॉर्ड भर्तियां की है और आयोग द्वारा स्थायी भर्ती के माध्यम से सफाई कर्मचारियों के बैकलॉग को भरने का मुद्दा पंजाब सरकार के समक्ष जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। बैठक में नगर परिषद/नगर पंचायतों के कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम जालंधर के अधिकारी आदि मौजूद थे।


More Stories
लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाला
आयकर विभाग (इंटेलिजेंस एवं क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन) निदेशालय, चंडीगढ़, द्वारा नए आयकर अधिनियम, 2025 एवं नए आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन