March 23, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

एमसीडी में ‘आप’ की जीत पर पार्टी के पंजाब नेताओं में खुशी की लहर

Share news

जालंधर ब्रीज: दिल्ली महानगर पालिका(एमसीडी) चुनाव में आम आदमी पार्टी(आप) की शानदार जीत पर पंजाब के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत की खबर सुनते ही ‘आप’ कार्यकर्ता चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में इकट्ठे हो गए और लड्डू खिलाकर एक-दूसरे को जीत की शुभकामनाएं दी।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा,चेतन सिंह जौड़ामाजरा, लालचंद कटारुचक, हरभजन सिंह ईटीओ और लालजीत भुल्लर ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ढोल-नगाड़े बजाकर जश्न मनाया और जीत की खुशी साझा की।

पत्रकारों से बात करते हुए ‘आप’ नेताओं ने कहा कि पूरे देश के लोग आम आदमी पार्टी को पसंद कर रहे हैं। भाजपा-कांग्रेस की राजनीति से देश के लोग अब तंग हो चुके हैं। लोग अब बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी को विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। इसीलिए चुनाव दर चुनाव आम आदमी पार्टी लगातार बड़ी जीत दर्ज कर रही है। 

दिल्ली एमसीडी चुनाव में कुल 250 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने बहुमत से काफी ज्यादा 134 सीटों पर, भारतीय जनता पार्टी 104 और कांग्रेस पार्टी ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, 3 निर्दलीय प्रत्याशी को भी जीत हासिल हुई है। बहुमत के लिए 126 सीटों की जरूरत है। 

वोट शेयर के भी मामले में आम आदमी पार्टी सबसे ऊपर रही। 2017 चुनाव के 26 प्रतिशत के मुकाबले पार्टी को करीब 16% ज्यादा वोट मिले। ‘आप’ को 42 प्रतिशत, भाजपा को 39 और कांग्रेस को 12 प्रतिशत लोगों ने वोट किए। 

पिछले चुनाव के मुकाबले भाजपा को इस बार करीब 80 सीटों का नुकसान हुआ है। पिछली बार भाजपा ने जहां 181 जीतकर अपना मेयर बनाया था। वहीं इस बार उसे सिर्फ 104 सीटें ही मिल पायी। कांग्रेस पार्टी इस बार दहाई अंक को भी नहीं छू सकी। कांग्रेस के सिर्फ 9 पार्षद ही चुनाव जीत सकें।


Share news