April 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पंजाब सरकार द्वारा जी. नागेश्वर राव विजिलेंस ब्यूरो के मुख्य निदेशक तैनात

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार ने 1995 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आई.पी.एस.) अधिकारी जी. नागेश्वर राव को विजिलेंस ब्यूरो का मुख्य निदेशक नियुक्त किया है। राव वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ए.डी.जी.पी.) प्रोवीजनिंग, पंजाब के रूप में सेवाएँ दे रहे थे।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, राव 1993 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी और विशेष पुलिस महानिदेशक वरिंदर कुमार का स्थान लेंगे। वरिंदर कुमार को विजिलेंस ब्यूरो के मुख्य निदेशक के पद से मुक्त कर दिया गया है और उन्हें आगे की ड्यूटी के लिए पुलिस महानिदेशक, पंजाब को रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि जी. नागेश्वर राव ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें विशेष प्रधान सचिव, गृह मामले एवं न्याय विभाग, पंजाब, निदेशक, सतर्कता ब्यूरो, पंजाब, तथा डीआईजी/एचओबी, सीबीआई, एसीबी, विशाखापत्तनम, तथा डीआईजी/एचओबी, सीबीआई, एसीबी, चेन्नई आदि शामिल हैं। सिविल इंजीनियरिंग स्नातक राव को कई सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

साल 2004 में, उन्होंने कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन में एक सिवपोल (सी आई वी पी ओ एल ) अधिकारी के रूप में सेवा दी, जिसके लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में प्रतिनियुक्ति के दौरान, उन्हें 2011 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक प्राप्त हुआ। इसके अलावा, 2023 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया।


Share news

You may have missed