March 21, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पीने वाले पानी की बेहतर गुणवत्ता के लिए पंजाब सरकार गंभीरता से कर रही है कार्य: ब्रम शंकर जिंपा

Share news

जालंधर ब्रीज: कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि पीने वाले पानी की बेहतर गुणवत्ता के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बहुत गंभीर है और इस ओर योग्य प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा गांवों में स्वच्छता को सुनिश्चित बनाने के लिए भी पंजाब सरकार द्वारा बहुत सी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। वे आज विधान सभा क्षेत्र चब्बेवाल के गांव जेजो में डिप्टी स्पीकर पंजाब विधान सभा जय कृष्ण रोढ़ी की मौजूदगी में नए ट्यूबवेल को जनता को समर्पित करने के दौरान संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 37 लाख रुपए की लागत से बने इस ट्यूबवेल से इलाके के लोगों की पीने के पानी की समस्या दूर हो गई है जो कि लोगों की लंबे समय से मांग थी। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी लोगों को पीने के पानी की समस्या आ रही है वहां तत्काल प्रभाव से जल आपूर्ति विभाग की ओर से समस्या को दूर करने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य मंत्री पंजाब भगवंत मान का धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने होशियारपुर जिले को जल सप्लाई व सिंचाई के ट्यूबवेल देने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि जिले के लोगों की मांग के अनुसार पीने के पानी के अलावा सिंचाई के लिए ट्यूबवेल लगाए गए हैं।

ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य के हर गांव में पीने वाले पानी की पाईप्ड सप्लाई दी जा चुकी है। इसके अलावा जिन गांवों में भूजल पीने योग्य नहीं है और जहां अभी तक नहरी पानी की पहुंच नहीं हुई, वहां आर्सेनिक-कम-आयरन रिमूवल प्लांट या आर.ओ. स्थापित किए गए हैं। इस मौके पर पंजाब एस.सी भूमि विकास व वित्तिय कार्पोरेशन के चेयरमैन हरमिंदर सिंह संधू, आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव मोहन लाल, जसबीर सिंह जल्लोवाल, एक्सियन वाटर सप्लाई इंजीनियर सिमनरजीत सिंह खांबा, बाल किशोर, कविंदरजीत राओ, भूपिंदर सिंह, सुच्चा सिंह, अनु शर्मा, फिरोजा खातून, जे.ई. गुरप्रीत सिंह के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।


Share news