April 15, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

मुख्यमंत्री द्वारा ब्यास-डेरा बाबा नानक सड़क प्रोजैक्ट का अपग्रेडेशन करने संबंधी राज्य सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृत करने के लिए गडकरी का धन्यवाद

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने गुरूवार को केंद्रीय सड़क यातायात और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का 72 किलोमीटर लम्बे ब्यास-मेहता-बटाला-डेरा बाबा नानक सड़क प्रोजैक्ट का अपग्रेडेशन करने संबंधी राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूर करने के लिए धन्यवाद किया है।

यह सड़क प्रोजैक्ट ‘भारतमाला परियोजना’ के पहले पड़ाव में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग़ बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के साल भर चलने वाले जश्नों का हिस्सा है।मुख्यमंत्री ने नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन सुखबीर सिंह संधू का भी इस प्रतिष्ठित सड़क प्रोजैक्ट को मंजूर करने के लिए धन्यवाद किया है जो ब्यास को ऐतिहासिक कस्बे डेरा बाबा नानक के साथ जोड़ता है जो सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के जीवन काल से सम्बन्धित कस्बा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सड़क प्रोजैक्ट को चार मार्गीय सड़क के तौर पर अपग्रेड करने से इस क्षेत्र के चौमुखी विकास को और बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा इस क्षेत्र की धार्मिक पर्यटन की संभावना को भी लाभ पहुँचेगा और औद्योगिक शहर बटाला के बुनियादी ढांचे को भी प्रोत्साहन मिलेगा।कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि इस प्रोजैक्ट की मंजूरी से सरहदी क्षेत्र खासकर सिख संगत की लम्बे समय से चली आ रही माँग पूरी हो गई है जिससे गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने जाने वाली संगत को और भी आसानी होगी।कैप्टन अमरिन्दर सिंह सरकार ने पहले ही केंद्र के पास श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व और श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के जश्नों के हिस्से के तौर पर मंजूर करने के लिए प्रस्ताव भेजा था।

इससे श्री करतारपुर साहिब जहाँ पहली पातशाही जी ने अपने जीवन के लगभग अंतिम 18 साल गुजारे और बाबा बकाला जो नौवीं पातशाही से सम्बन्धित धार्मिक कस्बा है, के दर्शन करने आने वाली संगत को आने-जाने में सुविधा होगी।


Share news