February 27, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किसानों को बातचीत जारी रखने का दिया भरोसा, अगली बैठक 22 फरवरी को

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार और किसान यूनियनों के बीच फिर से बातचीत का दौर शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज शाम यहां मैग्सेपा में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां और पंजाब के खाद्य और सार्वजनिक आपूर्ति मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक्क ने संयुक्त किसान मोर्चा (एस.के.एम. गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले संघर्ष कर रहे किसान नेताओं, जिनकी अगुवाई जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवण सिंह पंधेर कर रहे हैं, के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने केंद्र सरकार और किसान यूनियन के प्रतिनिधियों की टीम का स्वागत किया और केंद्रीय मंत्री से किसानों की जायज मांगों पर सहानुभूति से विचार करने और इन्हें जल्द से जल्द हल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार किसानों के साथ कंधा से कंधा जोड़कर खड़ी है और उनकी भलाई और हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।

श्री जोशी ने किसानों को विश्वास दिलाया कि किसानों के साथ बातचीत जारी रहेगी, अगली बैठक 22 फरवरी, 2025 को होगी। उन्होंने किसान नेता स. जगजीत सिंह डल्लेवाल को सेहत संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए उन्हें अनिश्चित समय की भूख हड़ताल खत्म करने की अपील भी की।

स. डल्लेवाल ने कहा कि वे चिकित्सीय सहायता लेते रहेंगे, लेकिन पिछले 81 दिनों से लगातार चल रही भूख हड़ताल तब तक खत्म नहीं करेंगे, जब तक सरकार फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) की कानूनी गारंटी समेत किसानों की अन्य मांगों को पूरा नहीं करती।

बैठक के दौरान, श्री जोशी ने पिछले सीजन में धान की खरीद संबंधित आंकड़े भी साझा किए और भरोसा दिलाया कि आगामी गेहूं की फसल की खरीद के लिए सभी प्रबंध किए जा चुके हैं। उन्होंने केंद्र की ओर से किसानों को फसली विविधता अपनाने और दालों, सब्जियों और फलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी जानकारी दी।

इससे पहले, जोशी और पंजाब के दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के पास जाकर उनका हाल-चाल पूछा और उन्होंने स. डल्लेवाल की बहन की पोती के निधन पर भी दुख व्यक्त किया।

इस बैठक में पंजाब के मुख्य सचिव श्री के.ए.पी. सिन्हा, कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय (भारत सरकार) के सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी, अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि श्री अनुराग वर्मा, प्रमुख सचिव खाद्य और सार्वजनिक आपूर्ति श्री विकास गर्ग, अतिरिक्त सचिव कृषि (भारत सरकार) मनिंदर कौर, संयुक्त सचिव (नीति और एफ.सी.आई.) श्रीमती सी. शिखा, डी.जी.पी. पंजाब गौरव यादव, सचिव पंजाब मंडी बोर्ड श्री रामवीर, एम.डी. पनसप श्रीमती सोनाली गिरि, चेयरमैन पंजाब किसान और खेत मजदूर आयोग स. सुखपाल सिंह, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के उप कुलपति डा. एस.एस. गोसल और निदेशक कृषि श्री जसवंत सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।


Share news