February 9, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह को मिला आई.एस.टी.ई. राष्ट्रीय पुरस्कार

Share news

जालंधर ब्रीज: मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज जालंधर के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह को प्रतिष्ठित आई.एस.टी.ई. रंगनाथन इंजीनियरिंग कॉलेज नेशनल अवॉर्ड फॉर बेस्ट पॉलिटेक्निक प्रिंसिपल से सम्मानित किया गया। यह पंजाब और तकनीकी शिक्षा विभाग के लिए गर्व की बात है कि उनके एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल को अखिल भारतीय स्तर पर इस पुरस्कार के लिए चुना गया। यह पुरस्कार पूरे देश में हर साल केवल एक ही पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल को दिया जाता है।

यह पुरस्कार प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने 29 नवंबर 2025 को मनाकुला विनायक इंजीनियरिंग कॉलेज, पुडुचेरी में प्राप्त किया। यह सम्मान उन्हें डॉ. सतपाल सिंह (पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुंबई कमिश्नर), आई.एस.टी.ई. नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रताप सिंह देसाई, मनाकुला इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन और तक्षशिला यूनिवर्सिटी के संस्थापक एम. धनाशेखरन, पुडुचेरी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. प्रकाश बाबू तथा अन्य विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा प्रदान किया गया।

इस वार्षिक आयोजन में आई.एस.टी.ई. नॉर्थ चैप्टर द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड संख्या में पुरस्कार प्राप्त किए गए। इस बैठक में महाराजा रणजीत सिंह टेक्निकल यूनिवर्सिटी बठिंडा के पूर्व वाइस चांसलर डॉ. बूटा सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह को इस पुरस्कार के लिए डी.ए.वी. मैनेजमेंट के उपाध्यक्ष जस्टिस एन. के. सूद, सचिव अरविंद घई, सचिव अजय गोस्वामी और तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक मुनीश कुमार ने बधाई दी। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने स्थानीय मैनेजमेंट जस्टिस एन. के. सूद, अरविंद घई और अजय गोस्वामी का विशेष धन्यवाद किया, जिनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से यह सम्मान संभव हो पाया।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने यह भी बताया कि कॉलेज की मैकेनिकल विभाग की इंचार्ज मैडम ऋचा अरोड़ा को भी इसी कार्यक्रम में पंजाब स्टेट की बेस्ट टीचर अवॉर्ड मिला है, जो सराहना की पात्र हैं। उन्होंने बताया कि किसी कारणवश मैडम ऋचा कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं, लेकिन आने वाले कॉलेज के वार्षिक समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।


Share news