जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार के मंत्री कुलदीप धालीवाल ने शुक्रवार को विपक्ष पर मान सरकार की स्वच्छ छवि को धूमिल करने और दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह दुरुस्त है।
यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते मंत्री धालीवाल ने कहा कि किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और सभी असामाजिक तत्वों से पूरी शक्ति के साथ निपटा जाएगा।
गुरुवार को अजनाला में हिंसक प्रदर्शन के दौरान स्थिति को समझदारी से संभालने के लिए मंत्री ने पंजाब पुलिस की प्रशंसा की और कहा कि हम पंजाब पुलिस के सभी जवानों को सलाम करते हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पंजाब पुलिस कानून तोड़ने वाले लोगों से सख्त तरीके से निपटेगी।
धालीवाल ने जोर देते हुए कहा कि मान सरकार किसी भी कीमत पर गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। पंजाब के लोगों की भावनाओं की सुरक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है और हम इस कर्तव्य को पूरी ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि विपक्ष कानून व्यवस्था के झूठे दावों से पंजाब के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। सीएम मान के नेतृत्व में पंजाब में अपराध दर पिछले वर्षों की तुलना में कम हुआ है।
धालीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पूरा भरोसा है। उनके नेतृत्व में सरकार राज्य की शांति और सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले सभी उपद्रवियों से निपटने में सक्षम है। आप सरकार में पंजाबी पूरी तरह सुरक्षित है।

More Stories
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक फंड गबन मामले में सीबीआई ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को किया गिरफ्तार
भारतीय योग संस्थान द्वारा चंडीगढ़ में तीन स्थानों पर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन से पंजाब भाजपा में भारी उत्साह, 2027 में पूर्ण बहुमत से बनाएंगे सरकार: सनी शर्मा