जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने पंजाबियों को निशाना बनाने वाली अपमानजनक और विभाजनकारी टिप्पणियों के लिए भाजपा नेता परवेश वर्मा की कड़ी निंदा की है। ‘आप’ सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बुधवार को पार्टी प्रवक्ता नील गर्ग के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने के लिए भाजपा की तीखी आलोचना की।
कंग ने कहा कि दिल्ली में पंजाब पंजीकरण वाले वाहन गणतंत्र दिवस से पहले एक साजिश का हिस्सा हो सकते हैं, ऐसा सोचना ही बहुत गलत है। दरअसल बीजेपी नेता परवेश वर्मा ने अपनी पार्टी की पंजाब विरोधी मानसिकता को खुलेआम प्रदर्शित किया है। पंजाबियों के खिलाफ उनके बेबुनियाद आरोप पंजाब के लोगों के खिलाफ भाजपा के गहरे पूर्वाग्रह को दर्शाता है।
मलविंदर कंग ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पंजाबियों ने दिल्ली के विकास और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दिल्ली की प्रगति का श्रेय भी पंजाबियों को जाता है। भारत को आज़ाद कराने से लेकर दिल्ली के परिदृश्य को नया आकार देने तक, पंजाबी हमेशा सबसे आगे रहे हैं। उन्हें आतंकवादी करार देना न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश का अपमान है।
उन्होंने वर्मा की टिप्पणियों के समय पर सवाल खड़े किए और भाजपा पर दिल्ली में चुनाव से पहले ध्रुवीकरण की रणनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ”जब चुनाव नजदीक आते हैं तो भाजपा भय और विभाजन की राजनीति पर उतर आती है। पंजाब में पंजीकृत वाहनों को बदनाम किया जा रहा है, जबकि दिल्ली देश की राजधानी है जहां हर नागरिक को आने और रहने का अधिकार है। ऐसी टिप्पणियां न केवल विभाजनकारी हैं बल्कि असंवैधानिक भी हैं।”
कंग ने परवेश वर्मा के बयान को राष्ट्रीय एकता के साथ विश्वासघात बताते हुए उनसे तत्काल माफी मांगने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री से वर्मा की शर्मनाक टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं, तो भाजपा को सार्वजनिक रूप से पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए।
आप सांसद ने दिल्ली के मतदाताओं से भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को खारिज करने की अपील की। उन्होंने कहा, “दिल्लीवासियों को 5 फरवरी को इन घृणित, विभाजनकारी नेताओं को सबक सिखाना चाहिए। उन्होंने सिर्फ पंजाबियों का ही नहीं पूरे राष्ट्र का अपमान किया है। यह सिर्फ पंजाब का मसला नहीं है। यह हर उस भारतीय से संबंधित है जो संघवाद और लोकतंत्र में विश्वास करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए या लोगों की प्रतिक्रिया का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। पंजाबी हमेशा से इस देश की रीढ़ रहे हैं और वे ऐसे बयानों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

More Stories
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निरंतर प्रधानमंत्री कार्यकाल पर गुरुद्वारा साहिब लुधियाना में अरदास
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित