June 19, 2025

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

नवजोत सिद्धू पंजाब के मुद्दों पर सकारात्मक बहस से भाग रहे हैं :भगवंत मान

Share news

जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर पंजाब के मुद्दों पर सकारात्मक बहस से भागने का आरोप लगाया। मान ने कहा कि पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह और स्वास्थ्य मंत्री ओ.पी. सोनी की तरह नवजोत सिद्धू अब मुद्दों पर बहस करने से भाग रहे हैं।

सोमवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान और ट्वीट के माध्यम से मान ने नवजोत सिद्धू से राज्य में और खासकर मुख्यमंत्री चन्नी के क्षेत्र चमकौर साहिब में हो रहे अवैध रेत खनन के बारे में भी सवाल किए। सिद्धू से सवाल करते हुए मान ने कहा, ‘सिद्धू मुझसे बहस करने से क्यों भाग रहे हैं? वे मेरे साथ बहस करने से डर क्यों रहे हैं? ऐसी क्या मजबूरी हैं कि सिद्धू मुख्यमंत्री चन्नी के निर्वाचन क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन के मामले पर बिल्कुल चुप है?

भगवंत मान ने कहा कि नवजोत सिद्धू दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब के लोगों को दी जा रही गारंटियों से परेशान हैं। बेचैनी में ही उन्होंने केजरीवाल को विभिन्न मुद्दों पर बहस करने की चुनौती दी। जब केजरीवाल ने चुनौती स्वीकार कर ली और प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मेरा नाम बहस के लिए तय किया(क्योंकि नवजोत सिद्धू भी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं), तो सिद्धू बहस से भागने लगे।

मान ने कहा, “बेहतर होता कि नवजोत सिद्धू मेरे साथ पंजाब के भविष्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस करने के लिए सहमत हो जाते। लोकतंत्र की मजबूती के लिए लोगों और राजनीतिक नेताओं के बीच हर मुद्दे पर सार्वजनिक बहस जरूरी है। तभी राज्य के लोग सभी पहलुओं को अच्छी तरह समझकर अपनी राय बना सकते हैं। मान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जैसी भ्रष्ट और माफिया सरकार का हिस्सा होने के कारण नवजोत सिद्धू न केवल चमकौर साहिब के अवैध रेत खनन पर बल्कि राज्य के कई अन्य गंभीर मुद्दों पर भी बोल बोलने से कतरा रहे हैं।


Share news