जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंजाब में श्री अश्वनी शर्मा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया में तेज़ी आई है। पार्टी अब बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के चुनावों को शीघ्र पूरा करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है, ताकि आगामी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्र में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति की तैयारियों के अंतर्गत सभी राज्यों में संगठनात्मक चुनावों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसी क्रम में, पंजाब में बूथ स्तर के चुनावों के बाद अब मंडल अध्यक्षों की घोषणाओं में भी गति आई है।
इसी दिशा में, रोपड़ जिले के भाजपा प्रभारी श्री एन.के. वर्मा ने जिले के 18 मंडलों में से 13 मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इनमें से 8 की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी, जबकि शेष 5 मंडल अध्यक्षों की घोषणा आज रोपड़ और आनंदपुर साहिब में जाकर की गई।

श्री वर्मा ने बताया कि सभी नियुक्तियाँ व्यापक विचार-विमर्श और कार्यकर्ताओं की सहमति के साथ की गई हैं। उन्होंने कहा, मंडल अध्यक्ष नियुक्त होने से न केवल कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है, बल्कि भाजपा की जमीनी स्तर पर पकड़ भी मजबूत हुई है।

उन्होंने आगे बताया कि अब जब रोपड़ जिले के आधे से ज्यादा मंडल अध्यक्षों की घोषणा पूरी हो चुकी है, तो जिला अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियाँ भी प्रारंभ कर दी गई हैं। भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को सुदृढ़ और सक्रिय बनाने की दिशा में कदम तेज़ कर दिए हैं।
पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में इस पूरी प्रक्रिया को लेकर विशेष उत्साह और जोश देखा जा रहा है।

More Stories
मुख्यमंत्री की पत्नी पर लगे 5 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के आरोपों की हो सीबीआई जांच : अनुराधा व डॉ. सेठी
50,000 रिश्वत लेते एस.डी.ओ. को विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथों किया काबू
भगवंत मान सरकार द्वारा 9 अक्टूबर को 19,200 सरकारी स्कूलों में करवाई जाएगी ‘मेगा पी.टी.एम.; 25 लाख अभिभावक होंगे शामिल