April 13, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

मोगा हत्या कांड: पंजाब पुलिस ने मोगा में गैंगस्टर मलकीत मनु को संक्षिप्त गोलीबारी के बाद किया गिरफ्तार

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान संगठित अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (ए.जी.टी.एफ.) पंजाब ने मोगा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान विदेश आधारित गैंगस्टर गौरव उर्फ लक्की पटियाला और दविंदर बंबीहा गैंग के गैंगस्टर दविंदरपाल सिंह उर्फ गोपी लाहौरिया के एक संचालक को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मलकीत सिंह उर्फ मनु निवासी दुसांझ तलवंडी, मोगा के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने उसके कब्जे से एक .32 बोर की पिस्तौल समेत चार कारतूस भी बरामद किए हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनु, जो दविंदर बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य है, आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और शस्त्र अधिनियम आदि से संबंधित कम से कम सात मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि जेल में बंद गैंगस्टर धर्मिंदर बाजी के इशारे पर आरोपी मलकीत मनु ने अपने साथी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी के साथ मिलकर 19 फरवरी, 2025 को मोगा के गांव कपूरा में अपने विरोधी गिरोह पर हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और इस दौरान एक महिला की टांग पर गोली लगने से वह घायल हो गई। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी मनु 26 फरवरी, 2025 को जगराओं में राजा ढाबा पर हुई गोलीबारी में भी शामिल था, जो उसने विदेश आधारित गैंगस्टर लक्की पटियाला के इशारे पर की थी।

डीजीपी ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि मोगा क्षेत्र में आरोपी मलकीत उर्फ मनु के छिपे होने के बारे में मिली मानव और तकनीकी सूचना पर कार्रवाई करते हुए एआईजी गुरमीत चौहान और डीएसपी बिक्रमजीत बराड़ की निगरानी में इंस्पेक्टर पुष्पिंदर सिंह के नेतृत्व में एजीटीएफ की विशेष टीमों ने उसे दुसांझ रोड, मोगा के पास स्थित किराए के आवास में सफलतापूर्वक ट्रैक कर लिया।

उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीमों ने संदिग्ध आवास पर छापा मारा, तो आरोपी मनु ने गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं, जिसके चलते पुलिस टीमों ने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने आगे बताया कि जवाबी गोलीबारी के दौरान आरोपी घायल हो गया। इसके उपरांत उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे इलाज के लिए बाबा फरीद मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर कर दिया गया।

एडीजीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल समेत चार कारतूस बरामद किए हैं।

एआईजी गुरमीत चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी मलकीत उर्फ मनु को अपने विदेशी हैंडलर लक्की पटियाला और गोपी लाहौरिया द्वारा ट्राइसिटी क्षेत्र में सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने का काम सौंपा गया था।

एसएसपी मोगा अजय गांधी ने बताया कि एफआईआर नंबर 52 दिनांक 12/3/2025 को थाना सिटी मोगा में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 109, 132, 221 और 111 और शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25 (6) और 25 (7) के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।


Share news

You may have missed