April 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कंडी क्षेत्र के विकास कार्यों का लिया जायजा

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कंडी क्षेत्र के गांवों के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और पंचायतों की संयुक्त बैठक के दौरान अधिकारियों को चल रहे विकास कार्यों की गति में और तेजी लाने के निर्देश दिए।  

जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित बैठक के दौरान स्थानीय सरकार मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने राजस्व, वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पंजाब रोडवेज, लोक निर्माण, पंचायत, पशुपालन और परिवहन विभागों से संबंधित जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि समयबद्ध तरीके से इन समस्याओं का निपटारा किया जाए और आवश्यक कार्रवाई को अमल में लाया जाए। डॉ. रवजोत सिंह ने विभिन्न गांवों के अपग्रेड होने वाले स्कूलों के बारे में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक प्रक्रिया को न्यूनतम समय में पूरा करने और अगली कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।  

कंडी क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल आपूर्ति की जानकारी लेते हुए स्थानीय सरकार मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने जल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ जहां आवश्यक हो, वहां पाइपों/मोटरों आदि की आवश्यक मरम्मत करने का भी निर्देश दिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से रिटेनिंग वॉल का जायजा लेते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम से पहले-पहले सुरक्षा के दृष्टिगत सड़कों के आसपास इन दीवारों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए। ग्रामीण विकास और पंचायतों तथा वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंचायती जमीनों से पेड़ों की कटाई के लिए निर्धारित नीति के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार आवश्यक संख्या में नई जगह पर पौधे लगाने को भी हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।  

ढोलवाहा, जनौड़ी और इसके आसपास के गांवों के स्कूलों/कॉलेजों के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए डॉ. रवजोत सिंह ने पंजाब रोडवेज और परिवहन विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में बस अड्डों पर बसों को रोकने के लिए संबंधित कर्मचारियों को पाबंद किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज बसों के नए समय शुरू करने के साथ-साथ निजी बसों को भी रुकने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। गांवों में बनाए जा रहे अमृत सरोवर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि इस कार्य में तेजी लाई जाए ताकि गांवों के निवासियों को इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कहा कि पंचायती जमीनों के लंबित इंतकालों को पूरा करने की प्रक्रिया को और तेज किया जाए और तहसीलों में सरकारी शुल्क वाले बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं ताकि लोगों को पूरी जानकारी मिल सके।

स्थानीय निकाय मंत्री ने अधिकारियों को ताकीद की कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों की गति में और तेजी लाई जाए ताकि ये परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें। बैठक के दौरान टांडा से विधायक जसवीर सिंह राजा गिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर निकास कुमार, जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन गुरविंदर सिंह पाबला, विभिन्न गांवों के सरपंच और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।  


Share news

You may have missed