जालंधर ब्रीज:भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शिवसेना नेता सुधीर सूरी की सरेआम गोली मार कर की गई हत्या की कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हुए इसके लिए भगवंत मान सरकार को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी के सरकार बनी है, तब से लेकर आज तक कई दिग्गज लोगों की सरेआम हत्याएं हो चुकी हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि जब से पंजाब में आप सरकार बनी है तब से पंजाब में कानून-व्यवस्था नाम बिलकुल खत्म हो गई है। भगवंत मान सरकार बनने के बाद पंजाब में देश-विरोधी ताकतों व खालिस्तान समर्थकों की गतिविधियों में बहुत बढ़ौतरी हुई है। भगवंत मान पंजाब की सत्ता संभालने में नाकाम रहे हैं। भगवंत मान और केजरीवाल दोनों मिलकर पंजाब को काले दौर में धकेलने पर तुले हुए हैं। भगवंत मान सरकार के 7 महीने के शासनकाल में पंजाब में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें सरकार या पुलिस-प्रशासन का कोई खौफ नहीं रहा। गैंगस्टर व अपराधी रोजाना पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं और सरकार व पुलिस-प्रशासन मूक-दर्शक बनकर तमाशा देख रहे हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब को भगवान भरोसे छोड़ कर खुद अन्य राज्यों की सैर में व्यस्त हैं। आज पंजाब की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता जब हत्या नहीं होती। शिवसेना नेता सुधीर सूरी अमृतसर के स्थानीय गोपाल मंदिर के पास धरना देकर प्रदर्शन कर रहे थे, कि उनकी गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। अब तो आम जनता सरकार या पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध आवाज़ उठाने व धरने-प्रदर्शनों में जाने से भी डरेगी।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा केजरीवाल ने पंजाब की जनता को ‘रंगला पंजाब’ देने का झूठा वादा कर पंजाब की सत्ता में आए थे, लेकिन जब से इन्होने सत्ता संभाली है तब से लेकर आज तक मुख्यमंत्री मान ने ‘रंगला पंजाब’ तो नहीं बल्कि पंजाब की जनता को ‘दंगला और लहुलुहान पंजाब’ दिया है। पंजाब में बेलगाम गैंगस्टरों तथा अपराधियों द्वारा रोज़ाना सरेआम हत्याएं, डकैतियाँ, लूटपाट, गोलीबारी आदि की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
पहले अंतर्राष्ट्रीय कब्बडी खिलाड़ी सहित चार अन्य कब्बडी खिलाड़ीयों की हत्याएं, फिर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, फिर अमृतसर में आम आदमी पार्टी के नेता द्वारा पुलिस के सामने सरेआम गोलियाँ बरसा कर युवक की हत्या और आज फिर अमृतसर में शिव सेना नेता सुधीर सूरी की सरेआम हत्या कर दी गई। भगवंत मान अभी भी ‘अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा’ का ब्यान समाचार-पत्रों में देकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान केजरीवाल और राघव चड्डा की रबड़ स्टैंप बन कर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब की जनता को सुरक्षा देने की बजाय अपनी व अपने पारिवारिक सदस्यों, केजरीवाल तथा राघव चड्डा की सुरक्षा देने में लगे हैं। जबकि पंजाब में अपराधी व गैंगस्टर बेखौफ होकर वारदातें अंजाम दे रहे हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में इतने बुरे हालात तो पिछली किसी भी सरकार में भी नहीं थे। अब लोगों में इतनी दहशत है कि अगर उनका कोई पारिवारिक सदस्य सुबह घर से बाहर जाता है तो वो दिन में दस बार उसे फोन कर उसका हाल जानने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब को काले दौर में ढलने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, जिस का अंजाम पंजाब के लिए बहुत भयानक नजर आ रहा है।

More Stories
एम्स गुवाहाटी अध्यक्ष ने राज्यपाल को भेंट की सड़क सुरक्षा पर आधारित पुस्तक
हथियार तस्करी वाले माड्यूल से सम्बन्धित दो व्यक्ति 5 अति-आधुनिक पिस्तौलों समेत अमृतसर से गिरफ़्तार
पंजाब पुलिस ने पाक- आधारित माड्यूल का पर्दाफाश करके एक ओर आतंकवादी साजिश को किया नाकाम; आईडी और पिस्तौल समेत आरोपी गिरफ़्तार