February 25, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

माता चिंतपूर्णी मेले को सुचारु बनाने के लिए लंगर कमेटियां व सामाजिक संगठन जिला प्रशासन को करें सहयोग: ब्रम शंकर जिंपा

Share news

जालंधर ब्रीज:  25 जुलाई से शुरु होने वाले माता चिंतपूर्णी के मेले की व्यवस्था को लेकर विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में प्रशासनिक अधिकारियों, लंगर कमेटियों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उनके साथ डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एस.एस.पी संदीप कुमार मलिक व मेयर सुरिंदर कुमार भी मौजूद थे।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने सभी विभागों को मेले की व्यवस्था सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से मेले की तैयारियों को लेकर किसी तरह की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना लंगर कमेटियों व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग के बिना माता चिंतपूर्णी के मेले की व्यवस्था का सुचारु रुप से नहीं चलाया जा सकता। इस लिए लंगर कमेटियों व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग की विशेष जरुरत है।

ब्रम शंकर जिंपा ने जिला प्रशासन की ओऱ से मेले के दौरान लंगरों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त करवाने के लिए बहुत प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले में जिला प्रशासन की ओऱ से नगर निगम व प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के सहयोग से 5 लाख रुपए के करीब पर्यावरण अनुकूलित प्लेट, ग्लास व चम्मच मुहैया उन लंगर सोसायटियों को उपलब्ध करवाए जाएंगे जो अंजाने में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने सभी लंगर सोसायटियों से अपील करते हुए कहा कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें। विधायक ने कहा कि माता चिंतपूर्णी मेले में लंगर लगाने के दौरान सफाई व्यवस्था बरकरार रखनी भी यकीनी बनाई जाए, ताकि वातावरण दूषित न हो सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व संस्थाओं का आपसी तालमेल बहुत जरुरी है, ताकि संयुक्त प्रयास से मेले को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके। उन्होंने यह भी अपील की कि निर्विघ्न यातायात के लिए संस्थाओं की ओर से सड़क पर आकर लंगर न वितरित किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग व नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे माता चिंतपूर्णी को जाने वाली सड़कों के गड्ढों को तुरंत भरें ताकि श्रद्धालुओं को किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े।

 डिप्टी कमिश्रर ने लंगर कमेटियों से अपील करते हुए कहा कि व्यवस्था का सुचारु  बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कुछ तैयारियां की गई है जिसमें लंगर कमेटियों का सहयोग अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लंगर लगाने, लाउड स्पीकर के लिए लंगर कमेटियां एस.डी.एम आफिस में आवेदन जरुर दें ताकि प्रशासन को यह पता चल सके कि किस कमेटी ने कहां पर लंगर लगाया है। ऐसा करने से ट्रैफिक समस्या व अन्य किसी तरह की समस्या आने पर संबंधित अधिकारी लंगर कमेटी से सीधा संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को भार ढोने वाले वाहनों में न आने की अपील भी की।

एस.एस.पी संदीप कुमार मलिक ने कहा कि लंगर कमेटियां ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी 24 घंटे चिंतपूर्णी रोड पर तैनात रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व सुरक्षा को लेकर लंगर कमेटियों के साथ आपसी तालमेल के साथ काम किया जाएगा।

मेयर सुरिंदर कुमार ने कहा कि नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था को लेकर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। फायर ब्रिगेड व निगम के अंतर्गत आने वाली सड़कों के गड्ढों को भी तुरंत भरा जाएगा। इस अवसर पर एडीसी(विकास) निकास कुमार, एडीसी(सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, एस.पी. डा. मुकेश कुमार, एस.पी नवनीत कौर गिल, एस.डी.एम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, आर.टी.ओ. अमनदीप कौर घुम्मण, डी.एस.पी पलविंदर सिंह, संयुक्त कमिश्नर नगर निगम संदीप तिवाड़ी के अलावा लंगर कमेटियों व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों में  कृष्ण गोपाल आनंद, भारत भूषण वर्मा, अनीत नैय्यर, मंदीप शर्मा, प्रमोद शर्मा, अश्वनी शर्मा व विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों व लंगर कमेटियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


Share news