जालंधर ब्रीज: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने तीन मुलजिमों को दो आर्गस हैंड ग्रेनेडों और एक विदेशी ग्लॉक पिस्तौल सहित गिरफ्तार करके पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्ज़ (पीआईओज़) द्वारा चलाए जा रहे आईएसआई समर्थित आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान तरन तारन के गांव अम्मीशाह के निवासी सरबजीत सिंह, अमृतसर के गांव नंगल पन्नूआं के निवासी बिक्रमजीत सिंह और अमृतसर की इंद्रा कॉलोनी के निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद किए गए ग्रेनेडों पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री (पीओएफ) की मार्किंग है, जो सीमा पार के संबंधों को दर्शाती है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में योजनाबद्ध तरीके से पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने की कार्रवाई में शामिल रहा है और मुलजिमों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने उनके मंसूबों को पूरी तरह नाकाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान, ट्रैकिंग और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
एआईजी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने ऑपरेशन के विवरण साझा करते हुए कहा कि गुप्त सूचना पर आधारित कार्रवाई में एसएसओसी की पुलिस टीमों ने सरबजीत सिंह और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद कर ली।
एआईजी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि इस समूह का मुख्य गुर्गा और पीआईओ का प्राइमरी काॅन्टैक्ट बिक्रमजीत सिंह गुजरात के डीसा से काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि यह जानकारी तुरंत एटीएस गुजरात के साथ साझा की गई थी और उनके सक्रिय सहयोग से मुलजिम बिक्रमजीत सिंह को एसएसओसी अमृतसर की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
एआईजी सुखमिंदर मान ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि सभी मुलजिम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से पीआईओज़ के संपर्क में थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आईएसआई हैंडलरों के निर्देश पर काम करते हुए यह समूह पंजाब और अन्य राज्यों में विभिन्न पुलिस संस्थानों पर ग्रेनेड हमले करने की योजना भी बना रहा था।
इस संबंध में पुलिस थाना एसएसओसी अमृतसर में विस्फोटक पदार्थ (संशोधन) अधिनियम की धारा 4, शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) के तहत एफआईआर नंबर 21 दिनांक 03-04-2026 दर्ज की गई है।

More Stories
भाजपा वर्करों ने भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी द्वारा 47वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
बाजवा ने मोहाली में “जबरन भूमि अधिग्रहण” को लेकर भगवंत मान पर तीखा हमला बोला
फर्जी बिलिंग और धोखाधड़ी नेटवर्क पर सख्ती: 8 एफआईआर दर्ज, 15 गिरफ्तारियां: हरपाल सिंह चीमा