October 7, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने पंजाब कोल्ड स्टोरेज मालिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ की अहम बैठक

Share news

जालंधर ब्रीज: बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने आज चंडीगढ़ में पंजाब कोल्ड स्टोरेज मालिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक के दौरान कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन द्वारा रखी गई मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए भगत ने कहा कि प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा देने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर जायज मांग का समाधान किया जाएगा।

बैठक के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कृषि एवं बागवानी उत्पादों के उचित संरक्षण में कोल्ड स्टोरेज की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी और इन इकाइयों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को बागवानी मंत्री के ध्यान में लाया।

मोहिंदर भगत ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज कृषि एवं बागवानी उत्पादों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये सुविधाएं किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के साथ-साथ फसलों में कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में भी सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी से जुड़े कोल्ड स्टोरेज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसोसिएशन की मांगों पर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा और नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसानों और बागवानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर बागवानी विभाग के अतिरिक्त सचिव लतीफ अहमद, निदेशक मनीष कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Share news