February 26, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पंजाब भाजपा नेता और पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर पर ग्रेनेड हमला गंभीर साजिश का हिस्सा – कैंथ

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब भाजपा के नेता एवं पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर के बाहर मंगलवार सुबह ग्रेनेड विस्फोट हुआ। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने कहा कि सौभाग्य से कालिया को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन इस घटना ने पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि यह हमला एक गंभीर साजिश का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि इस घटना से आम जनता में दहशत फैल गई है और असुरक्षित माहौल पैदा हो गया है। कानून एवं व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए सरदार कैंथ ने कहा कि मोहाली स्थित पंजाब पुलिस खुफिया कार्यालय सहित पंजाब पुलिस के थानों एवं चौकियों पर हुए ग्रेनेड हमलों ने सरकार की कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सरदार कैथ ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन को राजनीतिक प्रभाव से बचाया जाना चाहिए। पंजाब सरकार को जनता का विश्वास और सुरक्षा बहाल करने के लिए असामाजिक ताकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

भाजपा नेता परमजीत कैंथ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को राजनीतिक हस्तक्षेप से बचाने की पहल बहुत जरूरी है।


Share news