February 26, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

गैंगस्टरों और खतरनाक अपराधियों को जगरांओ के पास बन रही नई हाई-प्रोफाइल सुरक्षा जेल में रखा जाएगा: जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के जेल एवं परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज कहा कि जेलों से आपराधिक गतिविधियां और खतरनाक अपराधियों व गैंगस्टरों के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए उन्हें जगरांओ (लुधियाना) के पास बन रही नई हाई-प्रोफाइल सुरक्षा जेल में रखा जाएगा।

जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पटियाला में पंजाब जेल प्रशिक्षण स्कूल में जेल विभाग के बैच नंबर 97 के 132 वार्डरज और 4 मैट्रनज की पासिंग आउट परेड के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रभावशाली परेड से सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। उनके साथ एडीजीपी जेल अरुण पाल सिंह भी उपस्थित थे।

मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान जेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश में नई बनने वाली जेलें आबादी से एक किलोमीटर दूर बनाई जाएंगी ताकि जेलों में लगाए जाने वाले अत्याधुनिक जैमर से आसपास की जनसंख्या को कोई परेशानी न हो और न ही जेल की दीवारों से कोई अपराधी जेल में नशीली सामग्री या मोबाइल आदि फेंक सके।

लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि हालांकि जेल विभाग को जेल सुरक्षा, खुफिया तंत्र, स्टाफ की कमी, कैदियों की देखभाल और पुनर्वास आदि के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में जेल विभाग बंदियों के सुधार के लिए विभिन्न प्रयासों के साथ जेलों का आधुनिकीकरण कर रहा है। इसमें मोबाइल जैमर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं ।

जेल मंत्री ने कहा कि जेल विभाग को और मजबूत बनाने के लिए सरकार जल्द ही विभाग में 13 डीएसपी जेल, 175 वार्डर और 4 मैट्रन के अलावा डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती करेगी। इसके अलावा, कैदियों के पुनर्वास के लिए 8 जेलों में पेट्रोल पंप लगाए गए हैं।

जेल मंत्री ने जवानों को बधाई देते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और साहस के साथ कानून के दायरे में रहकर अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एडीजीपी जेल अरुण पाल सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा, जबकि जेल प्रशिक्षण स्कूल के प्रिंसिपल कुलवंत सिंह सिद्धू ने प्रशिक्षण से संबंधित रिपोर्ट पढ़ी।

इस बेसिक ट्रेनिंग कोर्स में मैट्रन गुरिंदर कौर (इंडोर), वार्डर रमनदीप सिंह (शूटिंग), और वार्डर अमनदीप सिंह (आउटडोर) में प्रथम स्थान पर रहे। प्लाटून कमांडर के रूप में वार्डर राहुल डिका, वार्डर अभिनव और वार्डर सिमरन बंगा को जेल मंत्री ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके बाद जवानों ने यूएसी, मार्शल आर्ट्स और लोक नृत्य भंगड़ा प्रस्तुत किया।

इस मौके पर आईजी जेल रूप कुमार अरोड़ा, डीआईजी जेल सुरिंदर सिंह, केंद्रीय जेल पटियाला के सुपरिटेंडेंट वरुण शर्मा, वाइस प्रिंसिपल जेल ट्रेनिंग स्कूल मुकेश कुमार, जिला जेल बरनाला के सुपरिटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल, जिला जेल संगरूर के सुपरिटेंडेंट नव इंद्र सिंह, नई जिला जेल नाभा के सुपरिटेंडेंट इंदरजीत सिंह काहलों और ओपन जेल के सुपरिटेंडेंट गुरमुख सिंह भी उपस्थित थे।


Share news

You may have missed