April 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

सरकारी कार्यालयों में सीनियर सिटीजन्स को दिया जाए पूरा सम्मान: कोमल मित्तल

Share news

जालंधर ब्रीज: डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में सीनियर सिटीजन्स को सुविधाएं देने व भलाई संबंधी जिला स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने विभागों के प्रमुखों को हिदायत करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में बुजुर्गों का सम्मान बहाल रखा जाए। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन्स की समस्याओं का पहल के आधार पर हल किया जाए, ताकि उनको किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। इस मौके पर उनके साथ आई.ए.एस ट्रेनी दिव्या. पी, डी.एस.पी रविंदर सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अवतार सिंह भुल्लर, सहायक लोक संपर्क अधिकारी लोकेश कुमार भी मौजूद थे।  

डिप्टी कमिश्नर ने बैठक के दौरान पिछली तिमाही की बैठक की समीक्षा की। उन्होंने लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जिले के समूह बैंकों को निर्देश दे कि बैंकों में सीनियर सिटीजन्स को पूरा सम्मान दिया जाए व उनके काम पहल के आधार पर किए जाएं। उन्होंने सचिव आर.टी.ए व जी.एम. रोडवेज को निर्देश देते हुए कहा कि वे सरकारी बसों में सीनियर सिटीजन्स की रिजर्व सीट पर केवल सीनियर सिटीजन्स का बैठना यकीनी बनाएं, इसके अलावा प्रैशर हार्नों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, क्योंकि यह प्रैशर हार्न बुजुर्गों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। उन्होंने सेवा केंद्र इंचार्ज को निर्देश दिए कि सेवा केंद्रों में सीनियर सिटीजन्स का काम पहल के आधार पर किया जाए, इसके अलावा इनकी अलग लाइन बनाई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को भी सिविल अस्पताल होशियारपुर में लगने वाली लाइन में सीनियर सिटीजन्स को पहल के आधार पर पर्ची देने के निर्देश दिए।  

कोमल मित्तल ने कहा पोस्ट विभाग, एल.आई.सी, पावर कार्पोरेशन व रेलवे विभाग को हिदायत जारी करते हुए कहा कि वे अपने विभागों के अंतर्गत काम करवाने आए लोगों में सीनियर सिटीजन्स को पहल दें और उनका पूरा मान सम्मान करें। इस मौके पर सीनियर सिटीजन्स एसोसिएशन से जरनैल सिंह, डी.एफ.पी.ओ. सुदेश कुमार, जे.पी.सी. सूरज प्रकाश, सुपरिटेंडेंट ओल्ड एज होम नरेश कुमार, जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी से सुमन बाला के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
                                     


Share news

You may have missed