जालंधर ब्रीज: चुनाव की घोषणा होते ही पंजाब कांग्रेस को आम आदमी पार्टी(आप) ने एक बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस के बड़े दलित नेता, पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रह चुके जोगिंदर सिंह मान कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। शनिवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में मान आप में शामिल हुए।
जोगिंदर सिंह मान फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक और कांग्रेस की बेअंत सिंह और कैप्टन सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उनकी पहचान पंजाब के बड़े दलित के तौर पर होती है। मान कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे बूटा सिंह के भांजे हैं।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद जोगिंदर सिंह मान ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि मृत्यु के बाद उनका शव कांग्रेस के झंडे में लिपटे, लेकिन कांग्रेस अमीर और मौकापरस्त लोगों की पार्टी बन गई है। गरीबों और आम लोगों के लिए कांग्रेस में कोई जगह नहीं है। कांग्रेस पूरी तरह अपने आदर्शों और सिद्धांतों से भटक चुकी है। दलित बच्चों के हितों की रक्षा करने में भी कांग्रेस सरकार पूरी तरह फेल रही है। दलित छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति घोटाले की न ढंग से जांच हुई और न ही किसी को सजा मिली। इसलिए हमारा जमीर अब कांग्रेस में रहने की इजाजत नहीं देता।

More Stories
मान सरकार द्वारा ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के लिए 123.28 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी
कुशल श्रमिकों की कमी और प्रशिक्षण के बुनियादी ढांचे का अभाव कंबाइन उद्योग को प्रभावित कर रहा है: परमजीत सिंह कैंथ
सरहद पार से नशीले पदार्थों की तस्करी वाले कार्टेलों से संबंधित पांच व्यक्ति 7 किलो हेरोइन समेत अमृतसर से गिरफ्तार