जालंधर ब्रीज: पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही “साडे बुजुर्ग साडा मान” मुहिम के तहत स्वास्थ्य विभाग जालंधर और सामाजिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से “अटल वयो अभ्युदय योजना” अंतर्गत बुजुर्गों को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को 29 बुजुर्ग मरीजों के मोतियाबिंद के मुफ्त ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। ऑपरेशन के बाद वीरवार को सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने स्वयं मरीजों से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और उनकी पोस्ट-ऑपरेटिव जांच की। उन्होंने खुद मरीजों की आंखों से पट्टियां खोलकर स्वास्थ्य की समीक्षा की।

इस अवसर पर ईएसआई मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. ज्योति शर्मा और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राकेश चोपड़ा भी उपस्थित रहे। मरीजों को मुफ्त चश्मे और आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
गौरतलब है कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप आयोजित किया गया था, जिसमें ऑर्थोपेडिक, नेत्र और जनरल मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। कैंप के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
बुधवार को आई मोबाइल यूनिट की टीम ने, एसएमओ डॉ. गुरप्रीत कौर और डॉ. अरुण वर्मा की अगुवाई में इन सभी मरीजों के सफल ऑपरेशन किए।
सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर बुजुर्ग तक समय पर इलाज पहुंचाया जा सके।
इस मौके पर एसएमओ डॉ. गगनदीप, डिप्टी एमईआईओ असीम शर्मा और जिला बीसीसी कोऑर्डिनेटर नीरज शर्मा भी मौजूद रहे।

More Stories
मेहर चंद पॉलिटेक्निक में 25 से 27 फरवरी तक निट्टर का तीन दिवसीय शॉर्ट टर्म कोर्स
जस्टिस मीनाक्षी आई. मेहता ने केंद्रीय जेल व ऑब्ज़र्वेशन होम का किया निरीक्षण
जंगली जीवों की सुरक्षा संबंधी भगवंत सिंह मान सरकार की पहलकदमियों से 2 महीनों में 80, 508 सैलानियों की हुई आमद: लाल चंद कटारूचक्क